गया में 7 हजार रुपये रिश्वत लेते दो विशेष सर्वे अमीन गिरफ्तार, जमीन की मापी रिपोर्ट के लिए मांगी थी घूस
निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की टीम ने एपीआर मॉल के सामने की कार्रवाई, सदर अंचल में तैनात हैं दोनों आरोपी
गया (बिहार): बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए गया जिले में दो विशेष सर्वे अमीन को 7 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान दीपू कुमार और अभिषेक कुमार के रूप में हुई है। दोनों सदर अंचल, गया में विशेष सर्वे अमीन के पद पर कार्यरत हैं।
निगरानी ब्यूरो के अनुसार, गया के मखलौटगंज निवासी रोहित कुमार ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उन्होंने अपनी जमीन की मापी कराने के लिए निर्धारित सरकारी शुल्क का चालान जमा किया था। जमीन की मापी भी हो चुकी थी, लेकिन मापी से संबंधित रिपोर्ट तैयार करने के एवज में आरोपितों द्वारा रिश्वत की मांग की जा रही थी।
शिकायत मिलने के बाद निगरानी ब्यूरो ने मामले का सत्यापन कराया। सत्यापन के दौरान रिश्वत मांगने की पुष्टि होने पर निगरानी थाना कांड संख्या 128/26, दिनांक 2 नवंबर 2026 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई।
इसके बाद पुलिस निरीक्षक संतोष कुमार दुबे के अनुरोध पर पुलिस उपाधीक्षक मो. वसीम फिरोज के नेतृत्व में धावादल का गठन किया गया। टीम ने मंगलवार को गया के सिविल लाइंस थाना क्षेत्र स्थित राय काशीनाथ मोड़ पर एपीआर मॉल के सामने कार्रवाई करते हुए दोनों विशेष सर्वे अमीन को 7 हजार रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार कर लिया।
निगरानी ब्यूरो के अनुसार, गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ के बाद उन्हें निगरानी के विशेष न्यायालय, पटना में प्रस्तुत किया जाएगा। मामले में आगे की अनुसंधानात्मक कार्रवाई जारी है।

