देव कार्तिक छठ मेला-2026 की तैयारियां तेज, डीएम अभिलाषा शर्मा ने किया मेला क्षेत्र का निरीक्षण
56 ड्रॉप गेट, 10 आवासन और 11 पार्किंग स्थल चिन्हित; सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन और श्रद्धालुओं की सुविधाओं पर विशेष जोर
✍️ धर्मेंद्र रस्तोगी
औरंगाबाद (बिहार) |12 नवंबर 2026
प्रसिद्ध देव कार्तिक छठ मेला-2026 के सफल, शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी श्रीमती अभिलाषा शर्मा ने बुधवार को देव मेला क्षेत्र का विस्तृत निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन और यातायात व्यवस्था को लेकर संबंधित स्थलों का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान कुल 56 ड्रॉप गेट, बैरिकेडिंग, नियंत्रण कक्ष, वॉच टावर, आवासन और पार्किंग स्थलों की व्यवस्था देखी गई। डीएम ने सभी तैयारियां समय से पूरी करने और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होने देने पर जोर दिया।
56 ड्रॉप गेट पर रहेगी विशेष निगरानी
डीएम ने देव मोड़, जीटी रोड, दरमगा मोड़, सलपुर मोड़, थाना मोड़, अस्पताल मोड़, सूर्य मंदिर मार्ग, मस्जिद रोड, कन्हैया मोड़, सिंचाई कॉलोनी, चांदपुर, माले नगर, बेलसारा रोड और नरची गेट सहित प्रमुख मार्गों पर चिन्हित ड्रॉप गेट का निरीक्षण किया। उन्होंने सभी गेटों पर पर्याप्त संकेतक लगाने, पुलिस बल और दंडाधिकारियों की तैनाती सुनिश्चित करने का निर्देश दिया, ताकि यातायात सुचारु रहे और जाम की स्थिति उत्पन्न न हो।
सूर्य मंदिर और कुंडों की सुरक्षा पर जोर
सूर्य मंदिर परिसर, सूर्यकुंड और रुद्रकुंड के आसपास की बैरिकेडिंग व्यवस्था का जायजा लेते हुए जिलाधिकारी ने मजबूत और सुरक्षित बैरिकेडिंग कराने का निर्देश दिया। उन्होंने उच्च विद्युत तारों वाले संवेदनशील क्षेत्रों में भी विशेष सुरक्षा प्रबंध करने को कहा, ताकि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
कंट्रोल रूम और वॉच टावर से होगी निगरानी
नाट्य कला मंच, थाना परिसर तथा मंदिर-कुंड परिसर में प्रस्तावित नियंत्रण कक्ष और वॉच टावर के स्थलों का भी निरीक्षण किया गया। डीएम ने इन स्थानों से लगातार निगरानी रखने और किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई की व्यवस्था मजबूत करने का निर्देश दिया।
10 आवासन और 11 पार्किंग स्थल चिन्हित
देश के विभिन्न हिस्सों से आने वाले श्रद्धालुओं के ठहरने के लिए राजा जगन्नाथ उच्च विद्यालय, नरची गेट मैदान, विजय दास धर्मशाला, पैक्स गोदाम और चांदपुर मध्य विद्यालय सहित कुल 10 आवासन स्थल चिन्हित किए गए हैं। डीएम ने इन स्थानों पर पेयजल, शौचालय, प्रकाश और साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।
वहीं, देव मोड़, थाना के पीछे, सिंचाई कॉलोनी, पातालगंगा, विशुनपुर विद्यालय मैदान, एनएचएआई मैदान, राजा कुरका मैदान और बुधवा महादेव मंदिर सहित विभिन्न स्थानों पर कुल 11 पार्किंग स्थल चिन्हित किए गए हैं। उन्होंने पार्किंग स्थलों को व्यवस्थित रखने और मुख्य मार्गों को अतिक्रमण मुक्त कराने का निर्देश दिया।
लाखों श्रद्धालुओं की सुविधा प्रशासन की प्राथमिकता
जिलाधिकारी अभिलाषा शर्मा ने स्पष्ट कहा कि देव कार्तिक छठ मेला में देशभर से लाखों श्रद्धालु पहुंचते हैं। ऐसे में उन्हें सुरक्षित, स्वच्छ और सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ निर्धारित समय-सीमा में तैयारियां पूरी करने का निर्देश दिया।

