बिहार को नशामुक्त बनाने की मुहिम में आगे आईं जीविका दीदियां, सारण के 64 सीएलएफ में चला जागरूकता अभियान
सारण (बिहार) संवाददाता धर्मेंद्र रस्तोगी: बिहार को नशामुक्त बनाने की मुहिम में अब जीविका दीदियां भी सक्रिय भूमिका निभा रही हैं। महिलाओं की सामूहिक शक्ति और सामाजिक भागीदारी के माध्यम से नशामुक्त समाज के निर्माण की पहल की जा रही है। इसी कड़ी में सारण जिले के सभी 20 प्रखंडों के 64 सामुदायिक स्तरीय संघों (सीएलएफ) में एक से सात नवंबर तक विशेष नशामुक्ति जागृति एवं संकल्प अभियान चलाया गया।
यह अभियान प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय की भगिनी संस्था राजयोग एजुकेशन एंड रिसर्च फाउंडेशन के मेडिकल विंग तथा बिहार सरकार के मद्य निषेध विभाग के बीच हुए समझौता ज्ञापन (एमओयू) के तहत राज्यव्यापी स्तर पर आयोजित किया गया।
अभियान के दौरान जीविका समूहों से जुड़ी महिलाओं को नशे के दुष्परिणामों, परिवार और समाज पर पड़ने वाले इसके नकारात्मक प्रभावों तथा नशामुक्त जीवन के महत्व के बारे में जानकारी दी गई। साथ ही महिलाओं ने स्वयं नशे से दूर रहने और दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने की प्रतिज्ञा ली।
नशामुक्त समाज बनाने में महिलाओं की भूमिका अहम
कार्यक्रम का संचालन प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय की छपरा संचालिका बीके अनामिका दीदी ने किया। उन्होंने कहा कि समाज और पूरे बिहार को नशामुक्त बनाने के लिए माताओं और बहनों को आगे आना होगा। माता संपूर्ण विश्व की जननी है। परिवार में संस्कार, सामाजिक चेतना और सकारात्मक बदलाव लाने में महिलाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है।
उन्होंने कहा कि बिहार सरकार के साथ मिलकर जीविका दीदियों ने श्रेष्ठ समाज, श्रेष्ठ बिहार और नशामुक्त बिहार बनाने का संकल्प लिया है।
गांव-गांव तक पहुंचाया जा रहा जागरूकता का संदेश
बीके अनामिका दीदी ने बताया कि अभियान को गांव-गांव तक पहुंचाने के लिए छपरा जिले के सभी सेवा केंद्रों की बहनें विभिन्न प्रखंडों में जाकर जीविका समूहों की महिलाओं को जागरूक कर रही हैं। इसका उद्देश्य नशामुक्ति का संदेश प्रत्येक परिवार तक पहुंचाना और महिलाओं को सामाजिक बदलाव का सहभागी बनाना है।
अभियान को सफल बनाने में बीके वीणा, बीके कमलावती, बीके मुन्नी, बीके हीरामती, बीके निर्मला, बीके गौरी, बीके प्रियांशु, बीके खुशबू, बीके ज्योति, बीके अरविंद, बीके रोहित, बीके नीरज, बीके राहुल और बीके प्रिंस सहित अन्य भाई-बहनों का सहयोग रहा।
#NashaMuktBihar #JivikaDidis #SaranNews #ChhapraNews #BiharNews #DeaddictionCampaign #WomenEmpowerment #Jeevika #BrahmaKumaris #ProhibitionDepartment #SocialAwareness #JagatDarshanNews

