ताजपुर सती स्थान पर रौनक रतन की भजन संध्या में झूमे श्रद्धालु, भक्ति गीतों से भक्तिमय हुआ माहौल
नवयुवक संघ पूजा समिति ने अंगवस्त्र देकर किया सम्मानित, गुरुवार को रौशन राज और प्रद्युम्न परदेशी के बीच होगा दो दलों का मुकाबला
सारण (बिहार): मांझी प्रखंड के ताजपुर स्थित सती स्थान पर नवरात्र के अवसर पर आयोजित शंकर-पार्वती पूजनोत्सव के तहत बुधवार की शाम नवयुवक संघ पूजा समिति के बैनर तले भव्य भजन संध्या का आयोजन किया गया। सोनपुर अड़ियल के विजेता गायक रौनक रतन ने भोजपुरी और हिंदी के कई भक्ति गीतों के साथ निर्गुण गीत प्रस्तुत कर श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। उनके गायन से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो गया और दर्शकों में उत्साह देखते ही बना।
अपने क्षेत्र के कलाकार रौनक रतन की प्रस्तुति पर श्रोताओं ने खूब आनंद लिया। भक्ति गीतों और निर्गुण की प्रस्तुतियों ने लोगों को भावविभोर कर दिया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु और संगीत प्रेमी शामिल हुए।
समिति ने अंगवस्त्र देकर किया सम्मानित
कार्यक्रम के प्रारंभ में समिति के अध्यक्ष सह ताजपुर पंचायत के मुखिया मनीष कुमार सिंह, जदयू के सारण जिला उपाध्यक्ष विजय सिंह और इसरोज सिंह ने संगीत मंडली को अंगवस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया। मंच का संचालन शिक्षक बीके भारतीय ने किया। इस अवसर पर गायक रौनक रतन के पिता एवं संगीत शिक्षक रत्नेश रतन तथा उनके दादा, सेवानिवृत्त शिक्षक और लोकगीत गायक उमेश सिंह को भी विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जदयू के सारण जिला अध्यक्ष विजय सिंह ने कहा कि बिहार के गौरव रौनक रतन का अपनी जन्मस्थली पर भजन संध्या के लिए पहुंचना ताजपुर के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि इस कलाकार ने अपनी प्रतिभा से ताजपुर का नाम देश-विदेश में रोशन किया है।
गुरुवार को रौशन राज और प्रद्युम्न परदेशी के बीच होगा मुकाबला
समिति के सचिव इसरोज सिंह ने बताया कि गुरुवार की शाम रौशन राज और प्रद्युम्न परदेशी के बीच दो दलों का मुकाबला आयोजित होगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस कार्यक्रम में भी बड़ी संख्या में श्रोता पहुंचेंगे।
इस मौके पर मांझी प्रखंड के उपप्रमुख मनोज कुमार सिंह, पूर्व उपप्रमुख राम कृष्ण सिंह, भाजपा नेता एवं पूर्व जिला पार्षद धर्मेंद्र सिंह समाज, शिक्षक कमलेश सिंह, अधिवक्ता अजय कुमार सिंह, शिक्षक मंटू सिंह, शिक्षक सुमन लाल श्रीवास्तव, स्वामीनाथ यादव, विनोद सिंह, संजय सिंह और जितेंद्र प्रसाद सहित कई गणमान्य लोग तथा सैकड़ों श्रोता मौजूद रहे।

