सिवान के जामो बाजार में अवैध पटाखा निर्माण के दौरान विस्फोट, मृतकों की संख्या बढ़कर पांच हुई
आलमपुर गांव में हादसे के बाद जिला प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर तैनात, एफएसएल टीम कर रही जांच, ड्रोन से घटनास्थल का सर्वे
सिवान (बिहार): सिवान जिले के जामो बाजार थाना क्षेत्र के आलमपुर गांव में शुक्रवार को अवैध रूप से पटाखा बनाने के दौरान हुए विस्फोट में मृतकों की संख्या बढ़कर पांच हो गई है। मेडिकल टीम ने पहले तीन लोगों की मौत की पुष्टि की थी। बाद में दो और लोगों की मौत की पुष्टि की गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। जिला प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्यों के साथ घटना की जांच में जुटी है।
घटना की सूचना मिलते ही जामो बाजार थानाध्यक्ष घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। इसके बाद जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक और अनुमंडल पदाधिकारी, महाराजगंज ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। मौके पर जिला प्रशासन, अग्निशमन विभाग, बिजली विभाग, डॉग स्क्वॉड और मेडिकल टीम को बुलाया गया।
एफएसएल टीम कर रही वैज्ञानिक जांच
घटना की गंभीरता को देखते हुए घटनास्थल की वैज्ञानिक जांच के लिए फॉरेंसिक साइंस लैबोरेटरी (एफएसएल) की टीम को बुलाया गया है। पुलिस ने घटनास्थल की घेराबंदी कर आवश्यक साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस मामले में पुलिस के बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामले के अनुसंधान की जिम्मेदारी महाराजगंज के सर्किल इंस्पेक्टर को सौंपी गई है।
राहत एवं बचाव कार्य जारी
जिला प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर कैंप कर स्थिति की निगरानी कर रहे हैं। घटनास्थल का ड्रोन कैमरे से सर्वे किया जा रहा है। राहत एवं बचाव कार्य में मेडिकल टीम, बिजली विभाग और अग्निशमन विभाग की टीमें लगी हुई हैं। प्रशासन की ओर से घटनास्थल पर लगातार जांच और आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

