दुबई में हृदयाघात से सिसवन के युवक की मौत, शव पहुंचते ही गांव में मचा कोहराम
सिवान (बिहार): सिसवन प्रखंड क्षेत्र के कचनार गांव निवासी एक युवक की दुबई में हृदयाघात से मौत हो गई। मृतक की पहचान गांव निवासी विश्वनाथ सिंह के पुत्र हरेराम सिंह के रूप में हुई है। हरेराम सिंह दुबई की एक निजी कंपनी में काम करते थे।
बताया जाता है कि ड्यूटी के दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। इसके बाद हृदयाघात से उनकी मौत हो गई। घटना की खबर मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
रविवार को हरेराम सिंह का शव उनके पैतृक गांव कचनार पहुंचा। शव पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पत्नी और अन्य स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। हरेराम की मौत की खबर सुनकर बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिचित उनके घर पहुंचने लगे। देखते ही देखते दरवाजे पर सैकड़ों लोगों की भीड़ जुट गई।
ग्रामीणों के अनुसार, हरेराम सिंह परिवार की आर्थिक जरूरतों को पूरा करने के लिए विदेश में रहकर काम कर रहे थे। उनकी अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों के करुण क्रंदन से पूरा माहौल गमगीन हो गया।
स्थानीय लोगों ने शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाया और इस कठिन समय में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।

