चैनपुर में शराब के खिलाफ पुलिस की दोहरी कार्रवाई, 150 लीटर देसी शराब बरामद; दो गिरफ्तार
टोटो और बाइक से शराब की बड़ी खेप बरामद, चोरी की मोटरसाइकिल भी मिली, दो गिरफ्तार
सिवान (बिहार): चैनपुर थाना पुलिस ने शराब तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए अलग-अलग मामलों में कुल 150 लीटर देसी शराब बरामद की है। पुलिस ने दोनों मामलों में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें एक मामले में शराब ढोने के लिए इस्तेमाल किए जा रहे टोटो और दूसरे मामले में बाइक से शराब बरामद हुई। पुलिस ने एक चोरी की मोटरसाइकिल भी जब्त की है।
पहली कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर चैनपुर बाजार स्थित फतेह बाबू के घर के सामने की गई। पुलिस ने एक टोटो गाड़ी की जांच की, जिसमें से 85 लीटर देसी शराब बरामद हुई। मौके से पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान नयागांव निवासी रमेश शाह के पुत्र सूरज गोंड के रूप में हुई है।
दूसरी कार्रवाई वाहन जांच के दौरान की गई। पुलिस ने एक मोटरसाइकिल की तलाशी ली तो उसमें से 65 लीटर देसी शराब बरामद हुई। जांच के दौरान पुलिस को उक्त मोटरसाइकिल के चोरी की होने की भी जानकारी मिली। मामले में एमएच नगर थाना क्षेत्र के अरंडा गांव निवासी परमात्मा चौधरी के पुत्र लड्डू कुमार को गिरफ्तार किया गया।
चैनपुर थानाध्यक्ष विजय रंजन कुमार ने बताया कि दोनों आरोपियों के विरुद्ध उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों को अग्रिम कार्रवाई के लिए सिवान न्यायालय भेज दिया गया है।

