सारण की बेटी निधि तिवारी ने रचा इतिहास, बिहार बना चैंपियन; श्रीनगर में लहराया परचम
अंडर-14 सेपक टकरा में जीता राष्ट्रीय स्वर्ण पदक, लगातार दूसरी बार नेशनल चैंपियनशिप में गोल्ड जीतकर बढ़ाया जिले का मान
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: सारण की होनहार बेटी निधि तिवारी ने 29वीं सब-जूनियर सेपक टकरा नेशनल चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय स्तर पर जिले का नाम रोशन किया है। श्रीनगर में आयोजित प्रतियोगिता के अंडर-14 बालिका वर्ग में बिहार टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए निधि ने स्वर्ण पदक अपने नाम किया। उनके दमदार प्रदर्शन की बदौलत बिहार की टीम चैंपियन बनी।
लगातार दूसरी बार राष्ट्रीय स्वर्ण
भागवत विद्यापीठ की छात्रा निधि तिवारी की यह लगातार दूसरी राष्ट्रीय सफलता है। इससे पहले रांची में आयोजित 28वीं सब-जूनियर नेशनल चैंपियनशिप में भी उन्होंने डबल स्पर्धा में गोल्ड मेडल जीता था।
लगातार दो वर्षों तक राष्ट्रीय स्तर पर स्वर्ण पदक जीतकर निधि ने अपनी प्रतिभा, मेहनत और खेल के प्रति समर्पण का शानदार परिचय दिया है। उनकी इस उपलब्धि से परिवार के साथ-साथ विद्यालय और सारण के खेल जगत में भी खुशी का माहौल है।
एकलव्य प्रशिक्षण केंद्र में ले रही प्रशिक्षण
निधि वर्तमान में भगवानपुर, वैशाली स्थित एकलव्य प्रशिक्षण केंद्र में प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं। वह रसूलपुर थाना क्षेत्र के घूरापाली गांव की निवासी हैं और वर्तमान में भगवान बाजार के रतनपुरा ओझा टोली में रहती हैं।
निधि की उपलब्धि पर उनके पिता ऋषिकेश तिवारी उर्फ विकास तिवारी और माता डॉली तिवारी सहित जिला सेपक टकरा संघ, बिहार राज्य सेपक टकरा संघ, प्रशिक्षकों, विद्यालय परिवार एवं खेलप्रेमियों ने बधाई दी है। सभी ने निधि के उज्ज्वल भविष्य और आने वाले राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में बेहतर प्रदर्शन की कामना की।

