मांझी नगर पंचायत के वार्ड-9 में जलजमाव से परेशानी, ग्रामीणों ने कार्यपालक पदाधिकारी को सौंपा ज्ञापन
कुंवर टोली में सड़क पर जमा है बारिश का पानी, जल निकासी की स्थायी व्यवस्था की मांग; जल्द कार्रवाई का मिला आश्वासन
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: नगर पंचायत मांझी के वार्ड नंबर-9 स्थित कुंवर टोली में जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण सड़क पर जलजमाव से ग्रामीणों की परेशानी बढ़ गई है। समस्या से आक्रोशित ग्रामीणों ने शनिवार को कार्यपालक पदाधिकारी, नगर पंचायत मांझी को हस्ताक्षरयुक्त सामूहिक शिकायत आवेदन सौंपकर तत्काल जल निकासी की व्यवस्था कराने की मांग की।
ज्ञापन में स्थानीय शशिकांत शर्मा, दिवाकर शर्मा, मनोज शर्मा, सत्येंद्र शर्मा, आदित्य कुमार, जितेंद्र चौधरी और सत्यनारायण यादव सहित अन्य ग्रामीणों ने बताया कि वार्ड-9 कुंवर टोली की सड़क पर बारिश के पानी की उचित निकासी नहीं होने के कारण काफी मात्रा में पानी जमा हो गया है।
सड़क पर जलजमाव के कारण ग्रामीणों, राहगीरों, बच्चों, बुजुर्गों और वाहन चालकों को आने-जाने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लंबे समय तक पानी जमा रहने से गंदगी और दुर्गंध के साथ मच्छरों का प्रकोप भी बढ़ गया है। इससे विभिन्न प्रकार की बीमारियों का खतरा बना हुआ है।
नाला निर्माण और स्थायी जल निकासी की मांग
ग्रामीणों ने मांग की कि स्थल का तत्काल निरीक्षण कराकर सड़क पर जमा पानी की निकासी कराई जाए। साथ ही भविष्य में जलजमाव की समस्या से निजात दिलाने के लिए नाला/ड्रेनेज और स्थायी जल निकासी की समुचित व्यवस्था की जाए।
ग्रामीणों ने यह भी कहा कि जब तक स्थायी समाधान नहीं होता, तब तक पंप या अन्य उचित माध्यम से सड़क पर जमा पानी को तत्काल निकलवाया जाए।
इस संबंध में कार्यपालक पदाधिकारी रक्षा लोहिया ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि जल्द ही स्थल की जांच कराकर पानी निकासी की व्यवस्था कराई जाएगी।

