एसीआर की विसंगतियों से अटकी चार पुलिसकर्मियों की पदोन्नति, पुलिस एसोसिएशन ने उठाया मामला
समय पर एसीआर मुख्यालय नहीं भेजे जाने और गलत प्रविष्टि का आरोप, एसएसपी से संशोधित प्रस्ताव पुलिस मुख्यालय भेजने की मांग
पूर्णिया, 23 सितंबर 2026:
बिहार पुलिस मुख्यालय में सहायक अवर निरीक्षक से पुलिस अवर निरीक्षक पद पर पदोन्नति/कार्यकारी प्रभार की प्रक्रिया के बीच पूर्णिया जिला पुलिस बल के चार सहायक अवर निरीक्षकों की पदोन्नति का मामला सामने आया है। बिहार पुलिस एसोसिएशन की पूर्णिया जिला शाखा ने इन अधिकारियों के वार्षिक गोपनीय चरित्र अभिलेख (एसीआर) में कथित विसंगतियों और अभिलेख समय पर मुख्यालय नहीं भेजे जाने को लेकर वरीय पुलिस अधीक्षक से कार्रवाई की मांग की है।
एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष राज कुमार चौधरी और सचिव गौतम कुमार ने 19 सितंबर को पूर्णिया के एसएसपी को आवेदन देकर संबंधित अधिकारियों के एसीआर का सत्यापन कराने और आवश्यक संशोधित प्रस्ताव पुलिस मुख्यालय, पटना को भेजने का आग्रह किया है।
चार अधिकारियों के मामलों का आवेदन में उल्लेख
एसोसिएशन के आवेदन में चार सहायक अवर निरीक्षकों के मामलों का उल्लेख किया गया है।
वीरेंद्र कुमार नट, वर्तमान पदस्थापन भवानीपुर थाना, के संबंध में कहा गया है कि उनका एसीआर समय पर पुलिस मुख्यालय नहीं भेजे जाने से पदोन्नति प्रभावित हुई।
वहीं विजय कुमार, वर्तमान पदस्थापन केहाट नगर थाना, के मामले में भी एसीआर समय पर मुख्यालय नहीं भेजे जाने की बात कही गई है।
उपेन्द्र कुमार, वर्तमान पदस्थापन श्रीनगर थाना, के वार्षिक गोपनीय चरित्र अभिलेख में ‘औसत’ अंकित किए जाने पर एसोसिएशन ने आपत्ति जताई है। आवेदन में दावा किया गया है कि उनके सेवाकाल में कोई विभागीय अथवा अनुशासनात्मक कार्रवाई लंबित नहीं रही है।
इसके अलावा प्रदीप कुमार, वर्तमान पदस्थापन बायसी थाना, के प्रशिक्षण अवधि के दौरान का गलत एसीआर मुख्यालय भेजे जाने का आरोप लगाया गया है। एसोसिएशन के अनुसार, इसी वजह से उन्हें ‘औसत’ अभिमत के आधार पर पदोन्नति से वंचित होना पड़ा।
एसीआर की त्रुटियों का करियर पर असर का दावा
पुलिस एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष राज कुमार चौधरी ने कहा कि संबंधित अधिकारियों के सेवा अभिलेखों में किसी तरह की लंबित विभागीय कार्रवाई नहीं होने के बावजूद एसीआर से जुड़ी कथित त्रुटियों का असर उनकी पदोन्नति पर पड़ा है।
एसोसिएशन ने एसएसपी से संबंधित अधिकारियों के एसीआर का शीघ्र सत्यापन और विसंगतियों का निराकरण कराने के साथ संशोधित प्रस्ताव पुलिस मुख्यालय, पटना को अग्रसारित करने का आग्रह किया है।
आवेदन की प्रतिलिपि पुलिस महानिदेशक कार्यालय, बिहार, पटना को भी भेजे जाने की बात कही गई है। मामले में संबंधित अधिकारियों के एसीआर और पदोन्नति प्रस्ताव पर विभागीय स्तर पर निर्णय के बाद स्थिति स्पष्ट होगी।

