28 हजार रुपये रिश्वत लेते प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी रंगे हाथ गिरफ्तार
लखीसराय के चानन प्रखंड कार्यालय में निगरानी की कार्रवाई, नाला निर्माण के भुगतान के एवज में रिश्वत मांगने का आरोप
///जगत दर्शन न्यूज
लखीसराय, 15 सितंबर 2026: बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की कार्रवाई लगातार जारी है। मंगलवार को निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की मुख्यालय टीम ने 28 हजार रुपये रिश्वत लेते प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी ब्रजेश कुमार को रंगे हाथ गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी लखीसराय जिले के चानन प्रखंड स्थित उनके कार्यालय कक्ष से की गई।
ब्रजेश कुमार हलसी प्रखंड के प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी तथा चानन के अतिरिक्त प्रभार में थे। निगरानी ब्यूरो के अनुसार, उनके खिलाफ निगरानी थाना कांड संख्या 108/26 में प्राथमिकी दर्ज है।
नाला निर्माण के भुगतान के लिए मांगी थी रिश्वत
ब्यूरो को लखीसराय के इटहरी निवासी राम नारायण साव ने शिकायत दी थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि ग्राम पंचायत राज महेशलेटा अंतर्गत बसमतिया गांव में संजू यादव के घर से कुशो पासवान के घर होते हुए पईन तक ढक्कन सहित नाला निर्माण कार्य के भुगतान के लिए मापी पुस्तिका भरकर देने के एवज में रिश्वत की मांग की जा रही थी।
शिकायत मिलने के बाद निगरानी ब्यूरो ने आरोपों का सत्यापन कराया। सत्यापन के दौरान रिश्वत मांगे जाने की पुष्टि होने के बाद निगरानी थाना कांड संख्या 108/26 दर्ज किया गया।
धावादल ने कार्यालय में दबोचा
अनुसंधानकर्ता पुलिस निरीक्षक शशिकान्त शर्मा के अनुरोध पर पुलिस उपाधीक्षक रणजीत कुमार निराला के नेतृत्व में धावादल का गठन किया गया। टीम ने मंगलवार को कार्रवाई करते हुए ब्रजेश कुमार को उनके चानन स्थित कार्यालय कक्ष में 28 हजार रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार कर लिया।
निगरानी ब्यूरो के अनुसार, अभियुक्त से पूछताछ के बाद उन्हें विशेष न्यायालय, निगरानी, भागलपुर में पेश किया जाएगा। मामले में आगे की अनुसंधानात्मक कार्रवाई जारी है।
2026 में 108वां भ्रष्टाचार कांड, 100वां ट्रैप
निगरानी अन्वेषण ब्यूरो के अनुसार, वर्ष 2026 में भ्रष्टाचार के खिलाफ यह 108वीं प्राथमिकी दर्ज करने की कार्रवाई है। इनमें यह 100वां ट्रैप कांड है। अब तक इन मामलों में कुल 101 अभियुक्तों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया जा चुका है।
ब्यूरो के अनुसार, वर्ष 2026 में अब तक रिश्वत के रूप में 36,94,800 रुपये की राशि बरामद की गई है। इसके अलावा करीब 37 हजार रुपये कीमत की एक नई वाशिंग मशीन भी बरामद की गई है। वर्ष 2025 में कुल 101 ट्रैप कांड दर्ज किए गए थे और रिश्वत के रूप में 37,80,300 रुपये बरामद किए गए थे।

