‘स्वच्छता ही सेवा 2026’ के तहत शिल्पी पोखरा परिसर में छपरा विधायक छोटी कुमारी ने किया श्रमदान
नगर निगम की टीम और स्थानीय लोगों के साथ स्वच्छता अभियान में लिया हिस्सा, स्वच्छ और सुंदर छपरा के लिए जनभागीदारी पर दिया जोर
सारण (बिहार) संवाददाता धर्मेंद्र रस्तोगी: ‘स्वच्छता ही सेवा 2026’ अभियान के तहत छपरा के शिल्पी पोखरा परिसर में श्रमदान कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें छपरा विधायक छोटी कुमारी ने नगर निगम की टीम और स्थानीय नागरिकों के साथ श्रमदान कर स्वच्छता के प्रति जनजागरूकता का संदेश दिया।
इस अवसर पर विधायक छोटी कुमारी के साथ महापौर लक्ष्मी नारायण गुप्ता और नगर आयुक्त रंजीत कुमार सहित नगर निगम के अधिकारी-कर्मी तथा स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। सभी ने मिलकर परिसर की स्वच्छता गतिविधियों में भाग लिया।
‘स्वच्छता ही सेवा 2026’ अभियान देशभर में जनभागीदारी के साथ चलाया जा रहा है। इस वर्ष अभियान की थीम ‘स्वच्छता में सहभाग; स्वच्छ भारत, विकसित भारत’ रखी गई है।
‘स्वच्छ शहर के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी’
विधायक छोटी कुमारी ने कहा कि स्वच्छ और सुंदर छपरा के निर्माण के लिए केवल प्रशासनिक प्रयास पर्याप्त नहीं हैं। इसके लिए जनभागीदारी और सामूहिक प्रयास भी जरूरी हैं। उन्होंने कहा कि शहर को स्वच्छ रखना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।
उन्होंने शहरवासियों से अपने आसपास साफ-सफाई बनाए रखने, कचरा निर्धारित स्थान पर डालने और स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की।
स्थानीय लोगों ने भी लिया श्रमदान में हिस्सा
कार्यक्रम के दौरान नगर निगम की टीम के साथ स्थानीय नागरिकों और अन्य लोगों ने भी श्रमदान किया। सभी ने ‘स्वच्छ छपरा, सुंदर छपरा’ के संकल्प को मजबूत करने की बात कही।
विधायक छोटी कुमारी ने कहा कि स्वच्छता को केवल अभियान तक सीमित रखने के बजाय इसे नियमित व्यवहार का हिस्सा बनाया जाना चाहिए।

