12 घंटे में लूटकांड का खुलासा, मोबाइल-आभूषण व बाइक बरामद; तीन गिरफ्तार
भेल्दी थाना क्षेत्र में NH-722 पर हुई लूट का पुलिस ने किया त्वरित उद्भेदन
सारण (बिहार): सारण जिले के भेल्दी थाना क्षेत्र में हुई लूट की घटना का पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर सफल उद्भेदन कर दिया। पुलिस ने लूटा गया मोबाइल, नगद राशि, सोने का ढोलना और मोटरसाइकिल बरामद करते हुए मामले में तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, 04 सितंबर 2026 को ग्राम सराय बख्श, NH-722 पर तीन अपराधकर्मियों द्वारा लूट की घटना को लेकर भेल्दी थाना में लिखित शिकायत प्राप्त हुई थी। इसके आधार पर भेल्दी थाना कांड संख्या 361/26, दिनांक 04.09.2026, धारा 309(4) BNS के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई।
विशेष टीम ने लगातार की छापेमारी
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक, सारण के निर्देशन में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, मढ़ौरा-1 के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने तकनीकी एवं मानवीय सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए लगातार छापेमारी की।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लूट की घटना में प्रयुक्त एवं लूटी गई सामग्री बरामद कर ली।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इस प्रकार हुई—
1. विकास कुमार, पिता भोली मांझी, निवासी दफ्तरपुर, थाना डोरीगंज, सारण।
2. राजू कुमार, पिता स्व. अनूप राय, निवासी मुसेपुर, थाना डोरीगंज, सारण।
3. गोलू कुमार, पिता उमेश कुमार, निवासी गोपालपुर, थाना डोरीगंज, सारण।
गरखा में महिला से मंगलसूत्र चोरी का भी खुलासा
पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान गिरफ्तार आरोपियों ने 05 सितंबर को गरखा थाना क्षेत्र में एक महिला से सोने का मंगलसूत्र चोरी करने की बात भी स्वीकार की है। इस संबंध में गरखा थाना कांड संख्या 1068/26, दिनांक 05.09.2026, धारा 303(2)/318(4) BNS के तहत मामला दर्ज किया गया है।
कई मामलों में दर्ज है आपराधिक इतिहास
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास सामने आया है। अब तक इनके विरुद्ध गरखा, दरियापुर और भेल्दी थाना में लूट एवं अन्य धाराओं के तहत मामले दर्ज होने की जानकारी मिली है।
ये सामान हुए बरामद
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान—
02 मोबाइल
नगद राशि
01 सोने का ढोलना
01 मोटरसाइकिल
बरामद की है। भेल्दी थानाध्यक्ष के साथ थाना के अन्य पुलिस पदाधिकारी एवं कर्मियों की टीम ने कार्रवाई में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। सारण पुलिस ने कहा है कि अपराध नियंत्रण एवं आम लोगों की सुरक्षा के लिए पुलिस लगातार तत्पर है।

