मांझी प्रखंड में हर्षोल्लास के साथ मना 80वां स्वतंत्रता दिवस, क्षेत्र में शान से लहराया तिरंगा
सरकारी-गैर सरकारी संस्थानों, पंचायतों, विद्यालयों और पैक्स कार्यालयों में हुए कार्यक्रम; देशभक्ति के नारों से गूंजा मांझी
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: मांझी प्रखंड क्षेत्र में देश का 80वां स्वतंत्रता दिवस शुक्रवार को पूरे हर्षोल्लास, उमंग और देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। प्रखंड मुख्यालय से लेकर पंचायतों, नगर पंचायत, सरकारी कार्यालयों, थाना परिसरों, स्वास्थ्य केंद्रों, पैक्स कार्यालयों, आंगनबाड़ी केंद्रों, विद्यालयों और विभिन्न सामाजिक संस्थानों में ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान राष्ट्रगान के साथ लोगों ने स्वतंत्रता सेनानियों और राष्ट्र के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर सपूतों को श्रद्धापूर्वक याद किया।
प्रखंड मुख्यालय परिसर में प्रखंड प्रमुख कमला देवी ने झंडोत्तोलन किया। मांझी थाना परिसर में थानाध्यक्ष विनोद कुमार तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में डॉ. नीरज कुमार ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। नगर पंचायत कार्यालय में मुख्य पार्षद विजया देवी ने तिरंगा फहराया, जबकि बाल विकास कार्यालय परिसर में सीडीपीओ ममता कुमारी ने ध्वजारोहण किया।
प्रखंड के विभिन्न गांवों में भी स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। चैनपुर में पूर्व मुखिया सत्यनारायण प्रसाद यादव, माली टोला में पूर्व मुखिया अख्तर अली, चौबाह स्थान पर पूर्व मुखिया नवरत्न प्रसाद तथा मां सरस्वती विद्या मंदिर में अमरनाथ तिवारी ने झंडोत्तोलन किया। इसी क्रम में ताजपुर पैक्स कार्यालय में पूर्व मुखिया सह वर्तमान पैक्स अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह ने ध्वजारोहण किया, जबकि ताजपुर पंचायत भवन में मुखिया मनीष कुमार सिंह ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया।
मुबारकपुर पैक्स गोदाम परिसर में भी उत्साहपूर्ण माहौल में झंडोत्तोलन कार्यक्रम हुआ। यहां पैक्स अध्यक्ष मोहन सिंह ने ध्वजारोहण किया। कार्यक्रम में पूर्व सरपंच विश्वनाथ सिंह, बिहार राज्य अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ गोप गुट, बिहार के स्टेट एडवाइजर सुभाष चंद्र सिंह उर्फ ईश्वर सिंह, वार्ड सदस्य मंटू सिंह, सोनू सिंह सहित मुबारकपुर गांव के गणमान्य नागरिक गंगा सिंह, संजय सिंह, मंटू सिंह, मनोज तिवारी, वकील सिंह, जितेंद्र सिंह, यशवंत सिंह, संत जी, मन सी महतो, जवाहिर शर्मा और अमित चंद्र सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं बच्चे मौजूद रहे।
ध्वजारोहण के बाद सभी उपस्थित लोगों ने सामूहिक रूप से राष्ट्रगान गाया। इसके बाद ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ के नारों से पूरा परिसर गूंज उठा। कार्यक्रम में बच्चों की उत्साहपूर्ण भागीदारी ने समारोह को और खास बना दिया।
प्राथमिक विद्यालय महमदपुर खुर्द, मांझी में प्रधानाध्यापिका सोनी कुमारी ने ध्वजारोहण किया। इस अवसर पर विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं, रसोइया, छात्र-छात्राएं तथा गांव के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। बच्चों ने स्वतंत्रता दिवस के महत्व पर अपने विचार रखे और देशभक्ति की भावना से ओतप्रोत कार्यक्रम प्रस्तुत किए।
मांझी प्रखंड के अन्य विद्यालयों में भी स्वतंत्रता दिवस समारोह पूरे उत्साह के साथ आयोजित किया गया। नव सृजित प्राथमिक विद्यालय गढ़वा टोला में प्रभारी प्रधानअध्यापक गजेंद्र सिंह, कन्या प्राथमिक विद्यालय, गोबरही टोला में प्रधान शिक्षक बी.के. भारतीय तथा मध्य विद्यालय गोबरही में प्रभारी प्रधानाध्यापक सकलदीप सिंह ने ध्वजारोहण किया। क्षेत्र के विभिन्न सरकारी एवं गैर सरकारी विद्यालयों में छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति गीत, भाषण, कविता, नृत्य और अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर लोगों का मन मोह लिया।
इसी क्रम में दुमदुमा गांव में ठेकेदार चंदन सिंह के निजी आवास पर भी ध्वजारोहण किया गया। पूर्व विधायक बुधन यादव के निजी आवास पर पूर्व मुखिया सत्यनारायण यादव ने तिरंगा फहराया, जबकि पूर्व मुखिया नवरत्न प्रसाद के निजी आवास पर भी स्वतंत्रता दिवस समारोह आयोजित किया गया।
प्रखंड प्रशासन की ओर से भी स्वतंत्रता दिवस पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। प्रखंड विकास पदाधिकारी उपेंद्र दास, अंचलाधिकारी एवं मनरेगा पदाधिकारी सहित अन्य पदाधिकारियों ने पंडित गिरीश तिवारी के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। आंगनबाड़ी केंद्रों में भी झंडा फहराया गया। वहीं डीपीओ कार्यालय तथा पशुपालन विभाग के कार्यालय में भी ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित हुआ।
पूरे प्रखंड क्षेत्र में दिनभर देशभक्ति का माहौल बना रहा। लोगों ने राष्ट्रीय ध्वज को सलामी देते हुए स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, संघर्ष और बलिदान को याद किया। विद्यालयों एवं सार्वजनिक स्थलों पर आयोजित कार्यक्रमों में बच्चों और युवाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। विभिन्न स्थानों पर भारत माता की जय, वंदे मातरम् और जय हिंद के नारों से वातावरण गुंजायमान रहा।
समारोहों के दौरान वक्ताओं ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं, बल्कि देश की आजादी के लिए अपना जीवन समर्पित करने वाले वीरों को याद करने और राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों का संकल्प लेने का दिन है। मांझी प्रखंड में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों ने इसी राष्ट्रीय भावना और सामाजिक एकता का संदेश दिया।
मांझी स्वतंत्रता दिवस 2026, 80वां स्वतंत्रता दिवस, मांझी प्रखंड स्वतंत्रता दिवस, मांझी में झंडोत्तोलन, मुबारकपुर पैक्स, ताजपुर पंचायत, मांझी थाना, मांझी सीएचसी, महमदपुर खुर्द स्कूल, गोबरही टोला स्कूल, सारण न्यूज, मांझी न्यूज
#Manjhi #Saran #IndependenceDay #80thIndependenceDay #IndependenceDay2026 #ManjhiNews #SaranNews #Tricolor #Flag Hoisting #Bharat Mata Ki Jai #Vande Mataram #Jai Hind #Bihar #Tajpur

