कांवरियों के वेश में शराब तस्करी का भंडाफोड़, भगवा झंडे से सजी स्कॉर्पियो-पिकअप से 276 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद
मांझी पुलिस की कार्रवाई में दो वाहनों के चालक समेत आठ तस्कर गिरफ्तार, यूपी के बलिया से समस्तीपुर ले जाने की थी योजना
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: शराब तस्करी के लिए तस्करों द्वारा अपनाई जा रही नायाब तरकीब का मांझी पुलिस ने खुलासा करते हुए बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने कांवरियों के वेश और भगवा झंडे से सुसज्जित वाहनों की आड़ में की जा रही अंग्रेजी शराब की तस्करी का भंडाफोड़ किया है। गुप्त सूचना के आधार पर मांझी थानाध्यक्ष विनोद कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने पीछा कर शराब लदे स्कॉर्पियो और पिकअप वाहन को पकड़ लिया। दोनों वाहनों से कुल 276 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद की गई है। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान दोनों वाहनों के चालकों समेत कुल आठ तस्करों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, तस्करों ने शराब की खेप को पुलिस की नजर से बचाने के लिए वाहनों को भगवा रंग के झंडों से सजाया था और कांवरियों के वेश की आड़ में शराब ले जाने की कोशिश की जा रही थी। गुप्त सूचना मिलने के बाद मांझी पुलिस ने संदिग्ध वाहनों की निगरानी शुरू की और उन्हें खदेड़कर पकड़ने में सफलता हासिल की। तलाशी के दौरान दोनों वाहनों से बड़ी मात्रा में अंग्रेजी शराब बरामद हुई।
पूछताछ के दौरान गिरफ्तार तस्करों ने पुलिस को बताया कि शराब की खेप उत्तर प्रदेश के बलिया में लोड की गई थी, जिसे बिहार के समस्तीपुर में अनलोड करने की योजना थी। हालांकि, इससे पहले ही मांझी पुलिस ने तस्करी के इस प्रयास को विफल कर दिया।
कार्रवाई के बाद मांझी थानाध्यक्ष विनोद कुमार ने पत्रकारों को बताया कि शराब तस्करों द्वारा पुलिस से बचने के लिए अलग-अलग तरीके अपनाए जा रहे हैं, लेकिन मांझी के रास्ते शराब की तस्करी करने वालों के खिलाफ पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि शराब की अवैध तस्करी में संलिप्त लोगों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। कार्रवाई के दौरान थाने के दर्जनों पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
पुलिस की इस कार्रवाई से शराब तस्करों में हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस अब गिरफ्तार तस्करों से पूछताछ कर शराब तस्करी से जुड़े अन्य लोगों और नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटाने में लगी है।
मांझी पुलिस शराब बरामदगी, शराब तस्करी का भंडाफोड़, कांवरियों के वेश में शराब तस्करी, 276 लीटर अंग्रेजी शराब, मांझी थाना, सारण शराब तस्करी, बलिया से समस्तीपुर शराब तस्करी, आठ तस्कर गिरफ्तार, स्कॉर्पियो से शराब बरामद, पिकअप से शराब बरामद
#Manjhi #Saran #ManjhiPolice #LiquorSmuggling #EnglishLiquor #LiquorRecovered #PoliceAction

