हिंदी विश्वविद्यालय में नशा मुक्ति अभियान का आयोजन, स्वस्थ युवा-समृद्ध भारत का लिया संकल्प
हावड़ा, 2 अगस्त 2026
हिंदी विश्वविद्यालय, पश्चिम बंगाल द्वारा 'विकसित भारत 2026' के संकल्प के अंतर्गत शनिवार को 'नशा मुक्ति अभियान' का भव्य एवं गरिमामय आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. नंदिनी साहू ने की, जबकि इसका संचालन ओ.एस.डी. देवव्रत भांज्जा ने किया। अभियान में विश्वविद्यालय के संकाय सदस्यों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
स्वस्थ युवा ही विकसित भारत की नींव : कुलपति
अपने अध्यक्षीय संबोधन में कुलपति प्रो. नंदिनी साहू ने कहा कि "जब देश का युवा स्वस्थ होगा, तभी एक स्वस्थ और सशक्त समाज का निर्माण संभव है।" उन्होंने कहा कि नशे की लत युवाओं को अवसाद, मानसिक तनाव और आत्महत्या जैसे गंभीर परिणामों की ओर धकेल रही है। इसलिए विद्यार्थियों को नशे से दूर रहकर सकारात्मक जीवनशैली अपनानी चाहिए और शिक्षा, चरित्र निर्माण तथा व्यक्तित्व विकास पर ध्यान देना चाहिए।
नशा मुक्त समाज के निर्माण का लिया सामूहिक संकल्प
कार्यक्रम के दौरान विश्वविद्यालय परिवार ने नशा मुक्त समाज के निर्माण, युवाओं के शारीरिक, मानसिक एवं भावनात्मक स्वास्थ्य को बढ़ावा देने तथा राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का सामूहिक संकल्प लिया। वक्ताओं ने कहा कि युवाओं की जागरूकता ही विकसित भारत की सबसे बड़ी ताकत बनेगी।
प्रधानमंत्री का संबोधन भी देखा गया
इस अवसर पर विश्वविद्यालय परिसर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राष्ट्र के नाम संबोधन का लाइव प्रसारण भी देखा और सुना गया। कार्यक्रम में फाइनेंस ऑफिसर सिद्धार्थ घटक चौधरी की विशेष उपस्थिति एवं सक्रिय भूमिका रही। अंत में विश्वविद्यालय परिवार ने विश्वास व्यक्त किया कि इस प्रकार के जन-जागरूकता अभियान युवाओं को नशे से दूर रखकर राष्ट्र निर्माण की दिशा में प्रेरित करेंगे।

