एकमा में हथियार के बल पर लूट का खुलासा, चोरी के आभूषण के साथ एक गिरफ्तार
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: एकमा थाना पुलिस ने लूट की घटना का उद्भेदन करते हुए एक आरोपित को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके पास से लूटे गए चांदी के आभूषण भी बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपित की पहचान दाउदपुर थाना क्षेत्र के बरेजा निवासी रोहित कुमार सिंह, पिता दिलीप सिंह के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, 10 अगस्त को एकमा थाना में लूट की घटना को लेकर प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। पीड़ित ने बताया था कि सुबह करीब 10 बजे एकमा-परसा रोड पर कुछ अपराधियों ने उसे रुकने का इशारा किया। रुकने के बाद अपराधियों ने चाकू और हथियार का भय दिखाकर उसके पास से सोने-चांदी के आभूषण तथा मोटरसाइकिल छीन ली और रामपुर की ओर फरार हो गए।
इस संबंध में एकमा थाना कांड संख्या 309/26, दिनांक 10 अगस्त 2026 के तहत मामला दर्ज किया गया था। घटना की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक, सारण के निर्देशन में सदर-02 के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।
विशेष टीम ने तकनीकी एवं मानवीय सूचना के आधार पर लगातार छापेमारी की। इसी क्रम में पुलिस ने लूटे गए चांदी के आभूषण बरामद करते हुए रोहित कुमार सिंह को गिरफ्तार कर लिया।
एकमा-परसा रोड पर पहले भी लूट का आरोप
पुलिस के अनुसंधान में यह बात सामने आई है कि गिरफ्तार आरोपित और उसके सहयोगियों ने छह जुलाई 2026 को भी एकमा-परसा रोड पर एक व्यक्ति को चाकू और हथियार का भय दिखाकर उसके सोने-चांदी के आभूषण लूटे थे। पुलिस इस मामले में अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
गिरफ्तार आरोपित के आपराधिक इतिहास का भी पता लगाया जा रहा है। पुलिस के अनुसार मामले में आगे की विधि-सम्मत कार्रवाई जारी है।
बरामद आभूषण
पुलिस ने रोहित कुमार सिंह के पास से चांदी की तीन जोड़ी पायल, चार जोड़ी बिछिया, दो जोड़ी राखी और दो पीस मेंहदी झल्ला बरामद किया है। कार्रवाई में एकमा थानाध्यक्ष सहित थाना के अन्य पुलिस पदाधिकारी एवं कर्मी शामिल रहे।

