श्रावण से पहले तेज हुई मांग, शिव शक्ति सर्किट में शामिल हो श्री ढोढनाथ धाम
सारण (बिहार): भगवान शिव को समर्पित पवित्र श्रावण मास के आगमन से पूर्व सारण जिले के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल श्री ढोढनाथ धाम को बिहार सरकार की प्रस्तावित शिव शक्ति सर्किट योजना में शामिल करने की मांग तेज हो गई है। एकमा विधानसभा क्षेत्र के लहलादपुर प्रखंड अंतर्गत जनता बाजार स्थित यह प्राचीन शिव मंदिर उत्तर बिहार के प्रमुख आस्था केंद्रों में गिना जाता है और श्रद्धालुओं के बीच "द्वितीय काशी नगरी" के नाम से विख्यात है। स्थानीय लोगों एवं सामाजिक संगठनों का मानना है कि शिव शक्ति सर्किट में शामिल होने से इस ऐतिहासिक धाम को नई पहचान मिलेगी तथा धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।
बिहार अभ्युदय संघ (बिहारवाद) के सदस्यों ने सहयोग पोर्टल के माध्यम से बिहार सरकार को आवेदन भेजकर श्री ढोढनाथ धाम को शिव शक्ति सर्किट में शामिल करने और इसे आधुनिक धार्मिक पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने की मांग की है। संगठन का कहना है कि यह धाम पहले से ही राज्य एवं जिला प्रशासन द्वारा अधिसूचित पर्यटन स्थल है तथा इसका ऐतिहासिक, धार्मिक और पुरातात्विक महत्व अत्यंत महत्वपूर्ण है।
जानकारी के अनुसार मंदिर परिसर में उत्तर बिहार का सबसे बड़ा शिवलिंग स्थापित है, जहां प्रत्येक माह त्रयोदशी के अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु जलाभिषेक के लिए पहुंचते हैं। वहीं सावन माह में आयोजित होने वाले एक माह लंबे मेले में बिहार के विभिन्न जिलों के अलावा नेपाल, झारखंड और पश्चिम बंगाल से भी हजारों श्रद्धालु बाबा भोलेनाथ के दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए आते हैं।
बिहार अभ्युदय संघ (बिहारवाद) के सदस्य एवं यूथ वॉयस सूर्या सूर्यकांत ने कहा कि बिहार की समृद्ध धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के लिए ढोढनाथ धाम जैसे महत्वपूर्ण तीर्थ स्थलों का समुचित विकास आवश्यक है। उन्होंने कहा कि शिव शक्ति सर्किट में शामिल होने से क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर सृजित होंगे तथा आसपास के क्षेत्रों की आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी।
पर्यटन विभाग को भेजे गए आवेदन में मंदिर परिसर के सौंदर्यीकरण, सड़क संपर्क व्यवस्था के उन्नयन, पार्किंग सुविधा, प्रकाश व्यवस्था, यात्री विश्राम गृह तथा श्रद्धालुओं के लिए आधुनिक बुनियादी सुविधाओं के निर्माण की मांग की गई है। संगठन ने सरकार से जनभावनाओं एवं पर्यटन की अपार संभावनाओं को देखते हुए इस मांग पर सकारात्मक निर्णय लेने का आग्रह किया है।
Dhodhnath Dham News, Shiv Shakti Circuit Bihar, Ekma News, Lahladpur News, Saran News, Dhodhnath Temple, Religious Tourism Bihar, Shravan Month News, Bihar Tourism Department, Shiva Temple Bihar

