ताजपुर फुलवरिया में शॉर्ट सर्किट से भीषण आग, पांच लाख नगद सहित सारा सामान जलकर राख
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: माँझी प्रखंड के ताजपुर पंचायत अंतर्गत फुलवरिया गांव में शनिवार को बिजली के शॉर्ट सर्किट से भीषण आग लग गई, जिसमें एक परिवार की वर्षों की मेहनत पलभर में जलकर राख हो गई। घटना में कृष्णा सहनी के घर में रखे लगभग पांच लाख रुपये नगद सहित घरेलू सामान पूरी तरह नष्ट हो गया, जिससे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
बताया जाता है कि आग लगते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घंटों मशक्कत के बाद किसी तरह आग पर काबू पाया। हालांकि इस दौरान न तो दमकल की गाड़ी समय पर पहुंच सकी और न ही पुलिस प्रशासन की कोई तत्परता देखने को मिली, जिससे ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है।
घटना के समय घर में कृष्णा सहनी की बहन की जून माह में होने वाली शादी की तैयारियां चल रही थीं। आग में शादी से जुड़ा सारा सामान और नगद राशि जल जाने से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। इस हादसे ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।
घटना की सूचना मिलते ही सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए और पीड़ित परिवार को सांत्वना दी। ताजपुर के मुखिया मनीष भी मौके पर पहुंचे और हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से मिलने वाली सहायता राशि पीड़ित परिवार तक जल्द से जल्द पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल राहत एवं मुआवजा दिलाने की मांग की है, ताकि पीड़ित परिवार को इस कठिन समय में कुछ सहारा मिल सके।

