मांझी में पैक्स चुनाव: कहीं लंबी कतारें, कहीं मतदाताओं का इंतजार, कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान जारी
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: सारण जिले के माँझी प्रखंड में पैक्स चुनाव को लेकर मंगलवार को मतदान के दौरान अलग-अलग बूथों पर अलग-अलग तस्वीरें देखने को मिलीं। मटियार पंचायत में मतदाताओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी, जहां तीन बूथों पर लगातार मतदान जारी रहा। यहां निवर्तमान अध्यक्ष धनंजय ठाकुर और पूर्व अध्यक्ष भोला यादव के बीच सीधा मुकाबला होने से चुनाव काफी दिलचस्प बन गया है। मतदान को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए नगर पंचायत की कार्यपालक पदाधिकारी रक्षा लोहिया तथा थानाध्यक्ष बिनोद कुमार पुलिस बल के साथ बूथों पर मुस्तैद दिखे और हर गतिविधि पर नजर बनाए रखी।
वहीं दूसरी ओर, आदर्श ग्राम बरेजा में चल रहे पैक्स चुनाव में भी मतदाताओं की सक्रियता देखने को मिली, हालांकि यहां बूथ नंबर एक और दो पर मतदाताओं की प्रतीक्षा होती रही, जबकि बूथ नंबर तीन और चार पर भीड़ का दबाव बना रहा। इस पंचायत में निवर्तमान पैक्स अध्यक्ष सुभाष सिंह और सरपंच विजय शंकर शुक्ल के बीच सीधा मुकाबला होने जा रहा है, जिससे चुनावी माहौल और भी गर्म हो गया है। मतदान के बीच मतदाताओं को अपने पक्ष में करने के लिए प्रत्याशियों द्वारा प्रयास भी जारी रहे।
पूरे क्षेत्र में चुनाव को लेकर उत्साह का माहौल है, वहीं प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है ताकि किसी प्रकार की अनहोनी न हो और मतदान निष्पक्ष व शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।
Manjhi PACS election, Saran PACS voting, Matyar Bareja election news, PACS chairman contest Bihar, voting crowd Manjhi
#Manjhi #PACS #Election #BiharNews #Voting #Saran #BreakingNews

