बिहार इंटर रिजल्ट 2026 घोषित, 85.19% छात्र पास, लड़कियों ने फिर मारी बाजी
पटना (बिहार): बिहार विद्यालय परीक्षा समिति द्वारा इंटरमीडिएट (12वीं) परीक्षा 2026 का परिणाम जारी कर दिया गया है। इस वर्ष कुल 85.19 प्रतिशत छात्र-छात्राएं सफल घोषित किए गए हैं, जिसमें लड़कियों का प्रदर्शन एक बार फिर लड़कों से बेहतर रहा है। आंकड़ों के अनुसार 84.09 प्रतिशत छात्र और 86.23 प्रतिशत छात्राएं पास हुई हैं।
परिणाम की घोषणा शिक्षा मंत्री सुनील कुमार ने पटना स्थित बोर्ड कार्यालय में की, जहां बोर्ड के अध्यक्ष आनंद किशोर भी मौजूद रहे। इस मौके पर अधिकारियों ने छात्रों के प्रदर्शन पर संतोष जताते हुए इसे बेहतर परिणाम बताया।
इस वर्ष आर्ट्स और कॉमर्स संकाय में छात्राओं ने टॉप किया है, जबकि साइंस संकाय में छात्रों ने बाजी मारी है। लगभग 13 लाख से अधिक परीक्षार्थी इस परीक्षा में शामिल हुए थे, जो 1 फरवरी से 15 फरवरी 2026 के बीच आयोजित की गई थी।
बिहार बोर्ड ने इस बार भी तेजी का रिकॉर्ड कायम रखते हुए महज 35 दिनों के भीतर परिणाम घोषित कर दिया। इसके साथ ही लगातार 8वीं बार बिहार बोर्ड देश में सबसे पहले इंटर रिजल्ट जारी करने वाला बोर्ड बन गया है।
गौरतलब है कि वर्ष 2025 में भी 86 प्रतिशत से अधिक छात्र सफल हुए थे और उस वर्ष भी तीनों संकायों में छात्राओं ने ही शीर्ष स्थान प्राप्त किया था। इस बार भी छात्राओं के शानदार प्रदर्शन ने एक बार फिर उनकी शैक्षणिक मजबूती को साबित कर दिया है।
Keywords: Bihar Board Inter Result 2026, BSEB result, Bihar 12th result, Pass percentage Bihar, Education news Bihar

