सिसवन पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त कार्रवाई, लूटकांड का फरार आरोपी गिरफ्तार
सिवान (बिहार): सिसवन स्थानीय थाना पुलिस एवं एसटीएफ की संयुक्त टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए लूटकांड के एक फरार आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान नगर थाना क्षेत्र के आंदर ढाला रामनगर निवासी अंकुश सिंह के रूप में की गई है। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में सक्रिय अपराधियों में हड़कंप मच गया है।
थानाध्यक्ष अशोक कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस को विश्वसनीय गुप्त सूचना मिली थी कि लूटकांड का फरार आरोपी आंदर ढाला के पास खड़ा है। सूचना की पुष्टि के बाद तुरंत एक टीम गठित कर छापेमारी की गई, जिसके दौरान आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है।
थानाध्यक्ष ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ सिसवन थाना कांड संख्या 210/24 दर्ज है और वह लंबे समय से फरार चल रहा था। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर लूटकांड से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। इस कार्रवाई को पुलिस की सतर्कता और प्रभावी अपराध नियंत्रण की दिशा में एक महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।

