अटल घाट की दीवारों में दरारें, निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर उठे सवाल!
सारण (बिहार) संवाददाता मनोज कुमार सिंह: केन्द्र सरकार के नमामि गंगे परियोजना के तहत मांझी के प्रसिद्ध राम घाट पर लगभग साढ़े दस करोड़ की लागत से निर्माणरत अटल घाट के हॉल की सीढ़ियों के लिए निर्मित दीवारों में जगह जगह दरारें निकल आई हैं, जिससे निर्माण योजना पर सवालिया निशान खड़ा हो गया है। रामघाट पर स्नान करने पहुँचे प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि सरयु नदी में आई बाढ़ ने मानक के विपरीत हो रहे निर्माण कार्य की कलई खोल दी है।
लोगों ने बताया कि धीरे धीरे सीढ़ियां भी नीचे की तरफ धंस रही हैं। लोगों का कहना है कि समय रहते यदि इसमें जरूरी सुधार नही किया गया तो राम घाट पर आने वाले हजारों श्रद्धालुओं के सरयु स्नान का सपना पूरा नही हो पायेगा। उधर दरारों को आम लोगों की आंखों से ओझल करने के लिए कारीगरों द्वारा दीवाल की दरारों में सीमेंट आदि डालकर उसे ढंकने का भी असफल प्रयास किया गया है बावजूद इसके दीवारों में आई दरारें रोज रोज बढ़ती ही जा रही हैं। दीवार में दरार दिखने के बाद लोग ठेकेदार पर मानक के विपरीत काम करने का आरोप लगा रहे हैं।
बताते चलें कि महाराजगंज के सांसद जनार्दन सिंह सीग्रीवाल के विशेष प्रयास से बहुप्रतीक्षित अटल घाट का निर्माण कराया जा रहा है। फिलहाल सरयु नदी में आई बाढ़ की वजह से अटल घाट का अधिकांश भाग पानी में डूब गया है जिसकी वजह से निर्माण कार्य ठप पड़ा हुआ है।