सिवान: सिसवन व आसपास के क्षेत्रों में सड़क हादसे, सांप काटने व मारपीट की अलग-अलग घटनाओं में आधा दर्जन से अधिक लोग घायल!
![]() |
/// जगत दर्शन न्यूज |
सिवान (बिहार): सिवान जिले के सिसवन एवं रघुनाथपुर थाना क्षेत्रों में मंगलवार को अलग-अलग घटनाओं में आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। इनमें मारपीट, सड़क दुर्घटना और सांप काटने की घटनाएं शामिल हैं।
सिसवन थाना क्षेत्र के भीखपुर गांव में आपसी विवाद को लेकर हुई मारपीट की घटना में चार लोग घायल हो गए। घायलों में भीखपुर निवासी गोरख राम का पुत्र प्रेम कुमार, एकमा थाना क्षेत्र के अभुई गांव निवासी सरयू राम का पुत्र रामदुलार राम, रामदुलार का पुत्र दीपक राम और कमलेश राम शामिल हैं। सभी घायलों का इलाज सिसवन रेफरल अस्पताल में कराया गया।
वहीं, सिसवन–मांझी मुख्य मार्ग पर बाइक से गिरकर बलिया जिले के रुपी गांव निवासी अमरनाथ पांडेय के पुत्र संजीत कुमार पांडेय घायल हो गए। उन्हें भी इलाज के लिए सिसवन रेफरल अस्पताल लाया गया।
रघुनाथपुर थाना क्षेत्र के सैचानी गांव में एक युवक को सांप ने काट लिया, जिससे वह अचेत हो गया। पीड़ित की पहचान राम बच्चन राम के पुत्र हरिनंदा राम के रूप में हुई है। घटना उस समय हुई जब वह शौच के लिए खेतों में गया था। प्राथमिक उपचार के लिए उसे सिसवन रेफरल अस्पताल लाया गया।
इसके अलावा सिसवन थाना क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों पर हुए बाइक हादसों में चार लोग घायल हो गए। इनमें पटना निवासी सोमनाथ भट्ट, चांदपुर निवासी बचपन शर्मा का पुत्र अशोक शर्मा, मांझी थाना क्षेत्र के ताजपुर निवासी अशोक राम का पुत्र विकास राम और शिवमन राम का पुत्र राकेश कुमार राम शामिल हैं। सभी घायलों का इलाज सिसवन रेफरल अस्पताल में किया गया है।
स्थानीय पुलिस ने सभी घटनाओं की जानकारी ली है और आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।