सारण पुलिस की बड़ी कार्रवाई: आर्केस्ट्रा में नाबालिगों के शोषण पर चला "आवाज़ दो" अभियान, 21 लड़कियों को मुक्त कर तीन संचालक गिरफ्तार!
///जगत दर्शन न्यूज
सारण (बिहार): सारण पुलिस ने आर्केस्ट्रा में नाबालिग लड़कियों के शोषण के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए 21 पीड़ित लड़कियों को मुक्त कराया है। वरीय पुलिस अधीक्षक सारण के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने मढ़ौरा, खैरा, तरैया और अमनौर थानान्तर्गत आर्केस्ट्रा ठिकानों पर अहले सुबह सघन छापेमारी की। इस कार्रवाई में जबरन प्रताड़ित कर नृत्य करवाई जा रही 21 नाबालिग लड़कियों—जिनमें पश्चिम बंगाल की 15, असम की 3, उत्तर प्रदेश की 1 तथा बिहार की 2 लड़कियाँ शामिल हैं—को छुड़ाया गया। साथ ही तीन आर्केस्ट्रा संचालकों को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
महिला थाना में इस संबंध में कांड संख्या 50/25, दिनांक 07.06.2025 दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। गिरफ्तार अभियुक्तों में अजीत कुमार उर्फ बिल्ला (कॉलेज रोड, अमनौर), रवि कुमार ठाकुर (गंगापुर, समस्तीपुर) और विकास शर्मा (चौसा, पानापुर) शामिल हैं। इस अभियान में महिला थाना, संबंधित थानों की पुलिस टीमों के अलावा मिशन मुक्ति फाउंडेशन, रेस्क्यू फाउंडेशन दिल्ली, नारायणी सेवा संस्थान सारण और रेस्क्यू एंड रिलीफ फाउंडेशन पश्चिम बंगाल के सदस्य भी शामिल रहे।
उल्लेखनीय है कि सारण पुलिस द्वारा "आवाज़ दो" अभियान के तहत मई 2024 से अब तक अनैतिक देह व्यापार में फँसी कुल 188 लड़कियों को मुक्त कराया गया है। इन मामलों में 23 प्राथमिकी दर्ज कर अब तक 61 अभियुक्तों की गिरफ्तारी की जा चुकी है। शेष फरार अभियुक्तों की तलाश में छापेमारी जारी है।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि कोई महिला शोषण या दुर्व्यवहार की शिकार है, तो वह "आवाज़ दो" हेल्पलाइन नंबर 9031600191 पर संपर्क कर सहायता प्राप्त कर सकती है। सारण पुलिस, आपकी सेवा में सदैव तत्पर है।