नन्ही पर्यावरण सेविका नवनी से अखिल भारतीय हिंदू महासभा (युवा मोर्चा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष ई. आदित्य सिंह ने की मुलाकात!
— 'एक पेड़ माँ के नाम' अभियान की ब्रांड एंबेसडर को सराहना, मिला आशीर्वाद
/// जगत दर्शन न्यूज
नई दिल्ली: अखिल भारतीय हिंदू महासभा (युवा मोर्चा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं भाजपा युवा मोर्चा के प्रवक्ता ई. आदित्य सिंह ने सोमवार को ली मेरिडियन होटल, नई दिल्ली में पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाली नन्ही पर्यावरण सेविका नवनी से मुलाकात की।
नवनी, जो कि पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय, अनंतपुर में कक्षा 3 की छात्रा हैं, ने केवल 9 वर्ष की उम्र में 257 पौधे लगाकर समाज के सामने पर्यावरण के प्रति जागरूकता का प्रेरक उदाहरण प्रस्तुत किया है। वह ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान की ब्रांड एंबेसडर भी हैं।
ई. आदित्य सिंह ने नवनी को शुभकामनाएं और आशीर्वाद देते हुए कहा, “नवनी जैसे बच्चों से ही भारत का भविष्य सुरक्षित, स्वच्छ और हरित बन सकेगा। यह छोटी उम्र में किया गया बड़ा कार्य हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है।”
नवनी ने न केवल स्वयं पौधारोपण किया, बल्कि अपने परिवार, मित्रों और सहपाठियों को भी पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रेरित किया है। उनके कार्यों ने स्कूली स्तर पर पर्यावरण जागरूकता को एक नई दिशा दी है।
इस अवसर पर राष्ट्रपति पुरस्कार प्राप्त पर्यावरणविद् श्री बिसाथी भरत, भाजपा युवा मोर्चा के सक्रिय पदाधिकारी श्री आशु झा सहित अन्य गणमान्य अतिथि भी उपस्थित रहे। सभी ने नवनी के कार्यों की प्रशंसा करते हुए कहा कि यदि हर बच्चा ऐसा संकल्प ले तो भारत को हरित राष्ट्र बनने से कोई नहीं रोक सकता।