जमीनी विवादों के निपटारे के लिए विभिन्न थाना परिसरों में लगा जनता दरबार!
रघुनाथपुर, सिसवन और हसनपुरा में कुल 17 मामलों का हुआ समाधान!
///जगत दर्शन न्यूज
सिवान (बिहार): जिले के रघुनाथपुर, सिसवन और हसनपुरा प्रखंडों के थाना परिसरों में शनिवार को जनता दरबार का आयोजन किया गया। इस दौरान जमीन से जुड़े कुल 17 मामलों की सुनवाई कर आपसी सहमति से निपटारा किया गया।
रघुनाथपुर थाना परिसर में आयोजित जनता दरबार में अंचलाधिकारी तथा थानाध्यक्ष की उपस्थिति में जमीन विवाद से जुड़े 6 मामलों की सुनवाई की गई। अंचल कर्मियों ने बताया कि दोनों पक्षों को पूर्व में नोटिस जारी कर बुलाया गया था। सभी मामलों का समाधान आपसी सहमति से किया गया।
इसी तरह सिसवन थाना परिसर में आयोजित जनता दरबार में अंचलाधिकारी पंकज कुमार ने पांच मामलों की सुनवाई की। यहां भी भूमि विवादों को शांतिपूर्ण तरीके से सुलझाया गया। अंचल प्रशासन द्वारा मामले से संबंधित दस्तावेजों की जांच कर दोनों पक्षों को समाधान के लिए प्रेरित किया गया।
वहीं हसनपुरा प्रखंड के एम एच नगर थाना परिसर में लगे जनता दरबार में भूमि से संबंधित 6 मामलों का निपटारा किया गया। अंचलाधिकारी ने बताया कि यह पहल क्षेत्र में शांति और सौहार्द बनाए रखने की दिशा में कारगर साबित हो रही है। लोगों को समय पर समाधान मिलने से प्रशासन के प्रति विश्वास भी बढ़ा है। अधिकारियों ने बताया कि आगे भी हर शनिवार को इस प्रकार के जनता दरबार लगाकर भूमि विवादों का समाधान कराया जाएगा।