मनरेगा अंतर्गत बने खेल मैदानों का उप विकास आयुक्त, सिवान ने किया निरीक्षण!
///जगत दर्शन न्यूज
सिवान (बिहार): उप विकास आयुक्त, सिवान के द्वारा प्रखंड भगवानपुर हाट के विभिन्न पंचायतों में मनरेगा योजना के अंतर्गत निर्मित कुल सात खेल मैदानों का स्थलीय निरीक्षण किया गया। निरीक्षण की शुरुआत ब्रह्मस्थान के हिलसड़ महाविद्यालय के प्रांगण से की गई, जहां निर्मित खेल मैदान का जायजा लिया गया। इसके बाद पंचायत सोन्धनी के हाई स्कूल प्रांगण स्थित खेल मैदान और वहां संचालित स्मार्ट क्लास का भी निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त ने सतत अनुश्रवण पर विशेष बल दिया।
इसके पश्चात मोहम्मदपुर पंचायत, राज सहसरांव, बलहां एराजी, महम्दा तथा दक्षिण साघर सुलतानपुर पंचायतों में बने खेल मैदानों का निरीक्षण किया गया। उप विकास आयुक्त ने इन स्थलों पर खेल मैदानों की बेहतर सुविधा सुनिश्चित करने हेतु कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए। इनमें बैठने के लिए बेंच की व्यवस्था और खेल मैदानों की सुंदरता व स्थायित्व बढ़ाने के लिए पेवर ब्लॉक लगाने का निर्देश शामिल है।
सहसरांव पंचायत में निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त ने खेल मैदान की बाउंड्री पर लगे सीमेंट पोल को शरारती तत्वों द्वारा क्षतिग्रस्त किए जाने पर गहरी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी से संपर्क कर प्राथमिकी दर्ज कराने और आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश भी दिया।
निरीक्षण के दौरान डी.ओ.डी.ए. निदेशक (लेखा) श्री संतोष कुमार मिश्रा, निदेशक (एन.ई.पी.) श्री मनीष कुमार सिंह, प्रखंड विकास पदाधिकारी श्री कुमार विशाल, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी श्री संजीव कुमार सिंह, भगवानपुर हाट के कार्यक्रम पदाधिकारी श्री सुबोध कुमार सिंह, कनिय अभियंता श्री राज कुमार, पंचायत तकनीकी सहायक श्री योगेन्द्र सिंह तथा पंचायत रोजगार सेवक श्री रामानुज प्रसाद, श्री विनोद कुमार, श्री प्रद्युम्न ठाकुर, श्री विश्वजीत कुमार चौधरी, श्री पुनेश कुमार सिंह, श्री धर्मेन्द्र कुमार, मो. फिरोजुद्दीन व कार्यपालक सहायक श्री उत्तम कुमार सहित कई अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।