राष्ट्रीय लोक मोर्चा का महा सम्मेलन 8 जून को मुजफ्फरपुर में, तैयारियों को लेकर छपरा में हुई समीक्षा बैठक!
///जगत दर्शन न्यूज
सारण (बिहार): राष्ट्रीय लोक मोर्चा के तत्वावधान में आगामी 8 जून को मुजफ्फरपुर के क्लब मैदान में आयोजित होने वाले संवैधानिक अधिकार एवं परिसीमन सुधार महा सम्मेलन की तैयारी को लेकर शुक्रवार को छपरा सर्किट हाउस में समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता प्रदेश उपाध्यक्ष एवं सारण जिला प्रभारी जागा कुशवाहा ने की।
इस दौरान उन्होंने कहा कि यह सम्मेलन उत्तर भारत और बिहार के लोगों के संवैधानिक अधिकारों को लेकर एक बड़ा जनआंदोलन साबित होगा। उन्होंने आरोप लगाया कि परिसीमन के वर्तमान स्वरूप में उत्तर भारत को भारी नुकसान हो रहा है, जिससे जनप्रतिनिधित्व का संतुलन बिगड़ रहा है। जागा कुशवाहा ने कहा कि अब समय आ गया है कि आम जनता अपने अधिकारों के लिए सड़कों पर उतरे और संघर्ष करे।
बैठक में प्रदेश महासचिव नागेंद्र यादव, सारण जिला अध्यक्ष डॉ. अशोक कुशवाहा, प्रदेश महासचिव ओम प्रकाश कुशवाहा, युवा मोर्चा के राष्ट्रीय महासचिव विशाल सिंह, युवा जिला अध्यक्ष मुकेश सिंह, माँझी प्रखंड अध्यक्ष राजकुमार राय, नागरा प्रखंड अध्यक्ष अरविंद सिंह, विद्यापति सिंह, राजीव कुमार, शैलेंद्र कुमार पटेल, नागेंद्र चौधरी समेत कई प्रमुख पदाधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में यह तय किया गया कि सभी प्रखंडों से अधिक से अधिक संख्या में लोगों को सम्मेलन में लाने के लिए बसों की व्यवस्था की जाएगी। पदाधिकारियों ने जोर देकर कहा कि यह सिर्फ एक राजनीतिक सम्मेलन नहीं बल्कि आम जनता के अधिकारों की लड़ाई का मंच है।
जागा कुशवाहा ने राष्ट्रीय अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा की सराहना करते हुए कहा कि वे कभी कुर्सी की राजनीति नहीं करते, बल्कि जनता के मुद्दों के लिए सड़क पर उतरकर संघर्ष करते हैं। उन्होंने शिक्षा सुधार और कोलोसियम सिस्टम के खिलाफ "हल्ला बोल, दरवाजा खोल" जैसे आंदोलनों का उदाहरण दिया और कहा कि यही नेतृत्व की असली पहचान है।
अंत में, सभी पदाधिकारियों ने सम्मेलन को सफल बनाने के लिए जनसंपर्क तेज करने और अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने का संकल्प लिया।