खरीफ महाभियान 2025 के तहत प्रखंड स्तरीय कार्यशाला का आयोजन!
///जगत दर्शन न्यूज
सिवान (बिहार): सिसवन प्रखंड के ई-किसान भवन में बुधवार को खरीफ महाभियान 2025 के तहत प्रखंड स्तरीय कार्यशाला सह प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्घाटन प्रखंड प्रमुख धर्मेंद्र साह ने विधिवत रूप से किया। कार्यक्रम में प्रखंड विकास पदाधिकारी राजेश कुमार, अंचलाधिकारी पंकज कुमार, कृषि समन्वयक, सहायक तकनीकी प्रबंधक और सभी किसान सलाहकार मौजूद रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अधिकारियों ने किसानों को वैज्ञानिक पद्धति से खेती करने पर बल दिया और उन्हें कृषि के नवीनतम तकनीकों एवं तरीकों की जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि खरीफ महाभियान 2025 के तहत किसानों को उन्नत कृषि के लिए प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा तथा आवश्यक संसाधनों की भी उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी।
इस अवसर पर किसानों को धान, मक्का, अरहर जैसी खरीफ फसलों की उच्च उत्पादकता के लिए उन्नत बीज, जैविक खाद, जल प्रबंधन तकनीक और कीट नियंत्रण के उपायों की जानकारी दी गई। अधिकारियों ने उम्मीद जताई कि इस अभियान से किसानों को अपनी उपज बढ़ाने और आय में सुधार करने में महत्वपूर्ण मदद मिलेगी।