अन्नप्राशन दिवस: स्तनपान के साथ छह माह पूरा होने पर अतिरिक्त ऊपरी आहार आवश्यक!
सारण (बिहार) संवाददाता संजीव शर्मा: बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए स्तनपान के साथ छह माह पूरा होने पर पौष्टिक अतिरिक्त ऊपरी आहार का दिया जाना जरूरी होता है। इसी उद्देश्य से गुरुवार को माँझी प्रखंड के मदनसाठ में संचालित आंगनबाड़ी केंद्र संख्या 322 में अन्नप्राशन (ऊपरी आहार की शुरुआत) दिवस आयोजन हुआ। इस दौरान सेविका किरण कुमारी ने छह माह की उम्र पार करने वाले बच्चों का खीर भोजन करा अन्नप्राशन कराया।
मौके पर मौजूद पर्यवेक्षिका हिना परवीन ने बताया कि बच्चों के छह महीने पूरे होने पर स्तनपान कराने के साथ अतिरिक्त पौष्टिक ऊपरी आहार दिया जाना चाहिए। इस उम्र में बच्चों का शारीरिक एवं मानसिक विकास तेजी से होता है। इसलिए इस उम्र में बच्चों को पौष्टिक ऊपरी आहार की जरूरत होती है। इसे ध्यान में रखते हुए आंगनबाड़ी केंद्रों पर सेविका द्वारा छह माह पूरा करने वाले बच्चों को मीठी खीर खिलाकर उनका अन्नप्राशन करती हैं। इसके साथ ही माता-पिता के साथ परिजनों को सेविका बच्चों को दिए जाने वाले अतिरिक्त आहार की जानकारी देती हैं। उन्होंने कहा की अन्नप्राशन के साथ दो वर्षों तक स्तनपान भी जरूरी है।