कार्यसंस्कृति एवं अंतर्विभागीय समन्वय से संबद्ध बैठक में दिए गए कई निर्देश
20 अगस्त से होगा मतदाता सूची का पुनरीक्षण! 6 जनवरी को फाइनल प्रकाशन!
सारण (बिहार) संवाददाता सत्येन्द्र कुमार शर्मा: जिलाधिकारी अमन समीर की अध्यक्षता में कार्यसंस्कृति एवं अंतर्विभागीय समन्वय को लेकर साप्ताहिक बैठक आहुत की गई। मतदाता सूची के पुनरीक्षण से पूर्व बीएलओ की नियुक्ति, घर-घर सर्वे को लेकर संबंधित अधिकारियों को निदेश दिया गया।
मतदान केन्द्रों के युक्तिकरण को लेकर भी कार्रवाई का निर्देश दिया गया। कार्यालय प्रबंधन के सम्बंध में विस्तृत जानकारी दी गई। अधिकारी सरकारी विद्यालयों में आधारभूत संरचनाओं के विकास को लेकर भौतिक सत्यापन करेंगे।
इस दौरान जिलाधिकारी ने बताया कि मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम-2025 को लेकर पुनरीक्षण पूर्व कुछ गतिविधियां 20 अगस्त से की जानी हैं। इससे पहले प्रत्येक मतदान केन्द्र के लिये बीएलओ की नियुक्ति 16 अगस्त तक की जानी है। इसके लिए सभी सहायक निर्वाचन निबंधन पदाधिकारी सह प्रखंड विकास पदाधिकारी बीएलओ की नियुक्ति का प्रस्ताव संबंधित निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी को उपलब्ध कराएंगे। 20 अगस्त तक सभी बीएलओ का गहन प्रशिक्षण सुनिश्चित किया जायेगा।
पुनरीक्षण पूर्व की गतिविधियों के तहत घर-घर सत्यापन का कार्य किया जायेगा। मतदानकेन्द्रों के युक्तिकरण हेतु भी कार्रवाई की जायेगी। इसके लिये जर्जर भवन में स्थित मतदान केंद्र, चलंत मतदान केंद्र को निकट के उपयुक्त सरकारी भवन में शिफ्ट करने के लिये तर्कसंगत प्रस्ताव तैयार करने को कहा गया। मतदाता सूची के शुद्धिकरण का कार्य भी किया जायेगा। मतदाता सूची में आवश्यकतानुसार साफ फ़ोटो शामिल करने हेतु भी कार्रवाई की जायेगी। यह सारा कार्य 18 अक्टूबर तक किया जायेगा। इसके उपरांत 29 अक्टूबर को ड्राफ्ट मतदाता सूची का प्रकाशन किया जायेगा। ड्राफ्ट मतदाता सूची के आधार पर 28 नवंबर तक दावा आपत्ति प्राप्त किया जायेगा। प्राप्त दावा आपत्तियों के निष्पादन के उपरांत 6 जनवरी 2025 को फाइनल मतदाता सूची का प्रकाशन किया जायेगा।
कार्यालय प्रबन्धन:
डीएम ने कहा कि उनके कार्यालय में उनके अधीन आने वाले प्रत्येक विभाग से संबंधित अनेक पत्र आते हैं। उल्लेखित समस्याओं के निदान या अन्य अपेक्षित कार्रवाई हेतु इसे संबंधित अधिकारियों तक अवश्य भेजा जाना चाहिए। इन सभी पत्रों का लेखा जोखा संधारित होना चाहिये।