प्रखंड प्रमुख व उपप्रमुख पर लगे अविश्वास प्रस्ताव पर प्रस्तावित बैठक कल! होगी विस्तृत चर्चा!
/// जगत दर्शन न्यूज
सारण (बिहार) संवाददाता मनोज सिंह: माँझी की प्रखंड प्रमुख कमला देवी तथा उप प्रमुख मनोज सिंह के खिलाफ लाये गए अविश्वास प्रस्ताव पर कल सोमवार को प्रस्तावित बैठक में चर्चा होगी। बैठक की जानकारी देते हुए माँझी के बीडीओ रंजीत सिंह ने बताया कि बैठक में शामिल होने के लिए प्रखंड के सभी 34 समिति सदस्यों को पत्र भेज दिया गया है। उन्होंने बताया कि सोमवार की बैठक में प्रमुख व उप प्रमुख के खिलाफ लाये गए अविश्वास प्रस्ताव के मुद्दे पर चर्चा होगी। उन्होंने बताया कि आवश्यकता पड़ने पर समिति सदस्यों के बीच मत विभाजन भी कराया जाएगा। इस बीच वर्तमान प्रखंड प्रमुख कमला देवी के पुत्र राजेश प्रसाद ने 19 समिति सदस्यों की एक सामूहिक तथा 20 अलग अलग समिति सदस्यों की फोटो सोशल मीडिया पर वायरल कर के कमला देवी की जीत का दावा किया है। उधर विपक्षी समिति सदस्या ललिता देवी गुट से जुड़े समिति सदस्यों ने दावा किया है कि उनके साथ बहुमत के लिए पर्याप्त संख्या बल मौजूद हैं तथा प्रखंड प्रमुख व उप प्रमुख को अपदस्थ करने में वे कोई कोर कसर नही छोड़ेंगे। इस बीच वर्तमान प्रमुख गुट के पश्चिम बंगाल में भूमिगत होने की मिल रही खबर से कल की बैठक को लेकर माँझी में राजनीतिक हलचल तेज हो गई हैं। अब सबकी निगाहें कल होने वाली प्रखंड पँचायत समिति की बैठक पर टिकी हुई हैं।