251 कुंडीय गायत्री महायज्ञ के लिए निकले शक्ति रथ का हुआ भव्य स्वागत!
सारण (बिहार): 251 कुंडीय गायत्री महायज्ञ के लिए निकले शक्ति रथ का माँझी प्रखंड के ताजपुर बाजार में भव्य स्वागत किया गया। मिली जानकारी के अनुसार सारण जिले के दरियापुर प्रखंड के मस्ती चक में गायत्री महायज्ञ का आयोजन प्रस्तावित है। इसके लिए जिले के हर प्रखंड में रथ यात्रा के माध्यम से यज्ञ में अधिक से अधिक लोगों को शामिल होने का अनुरोध भी किया जा रहा है।
बताते चलें की गायत्री शक्तिपीठ मस्तीचक सारण के द्वारा 251 कुंडीय विराट गायत्री महायज्ञ का 31 अक्टूबर 2023 से 3 नवंबर 2023 तक आयोजन होगा जिसमें 200 वर्षों से नागा साधुओं द्वारा रचित तथा पूज्य गुरुदेव द्वारा हिमालय से लाई गई पवित्र अग्नि का दर्शन भी कराया जाएगा। नवनिर्मित वैदिक भव्य नवग्रह सूर्य मंदिर परिसर का भी दर्शन होगा। एक ही स्थान पर भारत के प्रमुख 7 नदियों चार धाम 12 ज्योतिर्लिंग 52 शक्ति पीठ एवं प्रमुख तीर्थों का रज एवं जल का दर्शन भी होगा। वही परम पूज्य गुरुदेव पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य जी की विराट प्रतिमा का भी दर्शन होगा। 251 कुंडली भाग्य यज्ञशाला एवं कलश धारी बहनों की विराट कलश यात्रा भी निकलेगी। विशाल प्रदर्शनी एवं विराट पुस्तक मेला जीवन के हर विषय पर साहित्य का अथाह भंडार भी वहां देखने को मिलेगा। ग्रामीण क्षेत्र में पहली बार अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस 500 बेड वाली अखंड ज्योति नेत्र अस्पताल का लोकार्पण भी किया जाएगा। यह अस्पताल गुरुदेव द्वारा प्रेरित नेत्रदान यज्ञ को गति प्रदान करेगा।
रथयात्रा का स्वागत करने वालों में राम कुमार प्रसाद, संतोष गुप्ता, कंचन कुमार, अरविन्द प्रसाद, राम अवतार प्रसाद, दीपक गुप्ता, केशव सिंह, टिकर प्रसाद व ममन सिंह आदि दर्जनों लोग शामिल थे।