झांसी: समलैंगिक प्यार में पड़ीं दो लड़कियों के बीच धोखेबाजी का मामला सामने आया है। थाना बबीना के खैलार गांव निवासी एक लड़की ने प्रेमिका के प्यार के लिए 12 लाख रुपये खर्च करके लिंग परिवर्तन कराया। फिर क्या! उसी प्रेमिका ने एक अन्य लड़के के चक्कर में शादी के बाद उसे धोखा दे डाला। परेशान होकर वह न्यायालय की शरण में पहुंची। अब बबीना पुलिस ने प्रेमिका को गिरफ्तार करके कोर्ट में पेश किया। हालांकि प्रेमिका को जमानत मिल गई। अब मामले की अगली सुनवाई 23 फरवरी को होगी।
जानकारी के अनुसार बबीना थाना के खैलार इलाके में रहने वाली सना खान एक प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में एएनएम (ANM) पद पर काम करती थी। वह 2016 में प्रेमनगर इलाके में जिस किराए के एक मकान पर रहती थी उसी मकान मालिक की 26 वर्षीय बेटी सोनल श्रीवास्तव से उसकी गहरी दोस्ती हो गई। धीरे-धीरे ये दोस्ती प्यार में बदल गई तथा दोनों ने एक साथ जीने-मरने की कसमें खा लीं। यह बात जब सोनल के परिजनों को पता चली तब उन्होंने 10 अगस्त 2017 को सना खान को मकान से बाहर का रास्ता दिखा दिया। इस बात से सोनल को बहुत सदमा लगा तथा वह अपने ही घरवालों से झगड़ा कर वह सना के साथ रहने चली गई।
फिर सोनल के घर छोड़ कर जाने से नाराज उसके परिजनों ने बबीना थाने में शिकायत कर दी। वही इस मामले में थाने में 18 सितंबर 2017 को एक इकरारनामा हुआ और दोनों लिव इन रिलेशनशिप में रहने लगे। इसके बाद सना ने अपने सुखद पारिवारिक जीवन के लिए अपना लिंग परिवर्तन कराने का निर्णय लिया। इसके लिए वह दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल में जून 2020 में ऑपरेशन कराने के बाद वह लड़की से लड़का बन गई। सना ने अपना नाम बदलकर सोहेल खान कर लिया। सना उर्फ सोहेल के अनुसार ऑपरेशन के बाद बॉडी रिकवर होने में एक साल लग गया।
इस दौरान अप्रैल 2022 से सोनल (प्रेमिका) एक अस्पताल में नौकरी करने लगी जहाँ काम करने वाले एक लड़के से उसे प्रेम हो गया। फिर क्या थी अब तो सोनल ने उसे तवज्जो देना ही बंद कर दिया।
जब इस बात की भनक प्रेमी बनी सना उर्फ सोहेल को लगी तब सोहेल ने उसे नौकरी छोड़ने के लिए कहा। लेकिन, सोनल ने मना कर दिया और मई में उसे छोड़कर चली गई। इसके बाद दोनों में काफी विवाद बढ़ गया।
सोनल से परेशान होकर सोहेल ने कोर्ट की शरण ली। कोर्ट ने सोनल को हाजिर होने को कहा लेकिन, कई सुनवाई के बाद भी वह हाजिर नहीं हुई। इस पर कोर्ट ने एनबीडब्ल्यू जारी कर दिया। 18 जनवरी 2023 को बबीना पुलिस को एनबीडब्ल्यू तामील करने को समन गया। बबीना की भेल चौकी इंजार्च प्रकाश सिंह की अगुवाई में पुलिस टीम ने सोनल को उसके घर से गिरफ्तार करके कोर्ट में पेश कर दिया। बबीना इंस्पेक्टर अशोक कुमार सिंह के मुताबिक एनबीडब्ल्यू वारंट के आधार पर सोनल की गिरफ्तारी की गई थी जिसे कोर्ट से जमानत मिल गई है। अब मामले की अगली सुनवाई 23 फरवरी को होगी।