दो पैक्स का चुनाव परिणाम घोषित, तीसरे पैक्स का मतदान 23 को
एकमा (बिहार) संवाददाता चन्र्दशेखर यादव : नगर पंचायत एकमा बाजार के दो पैक्स क्रमशः भोरहोपुर एवं हंसराजपुर के चुनाव का परिणाम गत देर शाम घोषित कर दिया गया, जबकि तीसरे पैक्स एकमा बाजार नगर पंचायत के बांगर स्थित पैक्स के लिए मतदान 23 दिसम्बर को होगा।
घोषित चुनाव परिणाम वाले पैक्स भरहोपुर से पुराने अध्यक्ष अनिरूद्घ सिंह ही इस बार भी अध्यक्ष चुने गए हैं, जबकि हंसराज पुर से मनोरमा देवी पैक्स अध्यक्ष निर्वाचित हुई हैं। इसके पहले भी वही अध्यक्ष थीं।
शनिवार को 4.30 बजे शाम तक पैक्स सम्बंधित परिसरों में मतदान हुआ। बाद में शीलबंद दोनों पैक्सों के मतों को एकमा प्रखण्ड परिसर स्थित ई किसान भवन में लाकर पूरी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतों की गिनती हुई, जहां निर्वाची पदाधिकारी सह एकमा बीडीओ डा. सत्येन्द्र पराशर, अंचल पदाधिकारी कुमारी सुषमा, एकमा अंचल पुलिस निरीक्षक बालेश्वर राय, एआरओ सोनू कुमार, एकमा थानाध्यक्ष देव कुमार तिवारी, हिमांशु शेखर मिश्र आदि मुस्तैद थे। मतों की गिनती के पश्चात अनिरूद्ध सिंह एवं मनोरमा देवी क्रमशः भरहोपुर एवं हंसराजपुर पैक्स अध्यक्ष निर्वाचित घोषित किए गए। भरहोपुर पैक्स के1365 मतदाताओं में से 741 मतदाताओं ने वोट डाल था, जबकि हंसराज पुर पैक्स के 1052 में से 532 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। बाद में, दोनों विजेताओं की ओर से गाजे-बाजे एवं आतिशबाजी के साथ देर शाम जुलूस निकाल कर खुशी का इजहार भी किया गया।
एकमा बाजार नगर पंचायत के तीसरे पैक्स का मतदान 23 दिसम्बर को होगा। इस पैक्स के कुल 1443 मतदाता हैं। इस पैक्स के मतदाता भटोली, एकमा बाजार, एकमा गांव, हाता बिशनपुरा, मरवठ, भुईली, चंदाटोला, मठनपुरा एवं नरहनी गांव से हैं। इस पैक्स के अध्यक्ष पद के लिए तीन प्रत्याशी हैं जूली देवी शर्मा, योगेन्द्र महाराज एवं कृष्ण मेनन महाराज है।