सीतामढ़ी में निगरानी की बड़ी कार्रवाई, पांच हजार रुपये रिश्वत लेते पिन्टू कुमार गिरफ्तार
डुमरा कोर्ट परिसर के समीप न्यू पंचमुखी होटल के पास हुई गिरफ्तारी, केस में नाम जोड़ने की धमकी देकर रिश्वत मांगने की शिकायत पर हुई कार्रवाई
सीतामढ़ी (बिहार) | 25 नवंबर 2026
बिहार में भ्रष्टाचार के विरुद्ध निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में ब्यूरो की मुख्यालय टीम ने बुधवार को सीतामढ़ी जिले के डुमरा में पांच हजार रुपये रिश्वत लेते पिन्टू कुमार को रंगे हाथ गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी कोर्ट परिसर के समीप न्यू पंचमुखी होटल के पास से की गई।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान डुमरा थाना क्षेत्र के बाजीतपुर, पोस्ट लगमा निवासी हरिश्चन्द्र पासवान के पुत्र पिन्टू कुमार के रूप में हुई है। यह कार्रवाई निगरानी थाना कांड संख्या 130/26, दिनांक 3 नवंबर 2026 के तहत की गई है।
केस में नाम जोड़ने की धमकी देकर रिश्वत मांगने का आरोप
निगरानी ब्यूरो के अनुसार, परिवादी सोनू चन्द्रवंशी, निवासी बाजीतपुर, वार्ड संख्या 16, थाना डुमरा ने पटना स्थित ब्यूरो कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि मुकुन्द कुमार झा, पीएसआई और पिन्टू कुमार द्वारा डुमरा थाना कांड संख्या 450/26 में नाम जोड़ने की धमकी देकर रिश्वत की मांग की जा रही है।
शिकायत के सत्यापन के दौरान रिश्वत मांगे जाने का प्रमाण मिलने के बाद ब्यूरो ने प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की योजना बनाई।
धावादल ने पांच हजार रुपये लेते दबोचा
मामले के अनुसंधानकर्ता पुलिस निरीक्षक मो. आरीज एहकाम के अनुरोध पर वरीय पुलिस उपाधीक्षक शिव कुमार साह के नेतृत्व में धावादल का गठन किया गया। टीम ने कार्रवाई करते हुए पिन्टू कुमार को पांच हजार रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार कर लिया।
ब्यूरो के अनुसार, अभियुक्त से पूछताछ के बाद उसे विशेष न्यायालय, निगरानी, मुजफ्फरपुर में प्रस्तुत किया जाएगा। मामले में आगे की अनुसंधानात्मक कार्रवाई जारी है।
2026 में अब तक 124 अभियुक्त रंगे हाथ गिरफ्तार
निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2026 में अब तक भ्रष्टाचार के विरुद्ध 137 प्राथमिकी दर्ज की जा चुकी हैं। इसके अतिरिक्त एक मामला दूसरे जिले से स्थानांतरित होकर आया है। इस प्रकार कुल 138 मामलों का अनुसंधान ब्यूरो कर रहा है।
यह वर्ष 2026 का 119वां ट्रैप कांड है। इन मामलों में अब तक कुल 124 अभियुक्तों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया जा चुका है। ब्यूरो के अनुसार, अब तक रिश्वत की कुल 46 लाख 90 हजार 900 रुपये की राशि बरामद की गई है। इसके अतिरिक्त 37 हजार रुपये मूल्य की एक नई वाशिंग मशीन भी जब्त की गई है।
वहीं, वर्ष 2025 में कुल 101 ट्रैप कांड दर्ज किए गए थे। इनमें 37 लाख 80 हजार 300 रुपये रिश्वत की राशि बरामद की गई थी तथा 19 हजार 800 रुपये मूल्य की एक नई वाशिंग मशीन जब्त की गई थी।

