रोमांचक मुकाबले में पेनल्टी शूटआउट से मढ़ौरा ने मिल्की माधवपुर को हराया
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: मांझी प्रखंड की मटियार पंचायत स्थित शिव कैलाश उच्च विद्यालय के क्रीड़ा मैदान में ग्रामीणों के सहयोग से सारण जिले की मढ़ौरा और सीवान जिले की मिल्की माधवपुर टीम के बीच फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। बेहद रोमांचक मुकाबले में मढ़ौरा की टीम ने पेनल्टी शूटआउट में एक गोल से जीत दर्ज की।
मांझी भाग-1 के जिला परिषद उम्मीदवार सोहन सिंह ने पत्रकारों को साक्षात्कार में बताया कि दोनों टीमों के बीच इससे पहले तीन बार मुकाबला हुआ था, लेकिन हर बार मैच ड्रॉ रहा था। चौथी बार भी दोनों टीमों के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला और निर्धारित खेल के बाद मुकाबला बराबरी पर रहा।
इसके बाद ग्रामीणों के निर्णय के अनुसार दोनों टीमों को पांच-पांच पेनल्टी शूट करने का मौका दिया गया। इसमें मढ़ौरा की टीम ने एक गोल की बढ़त बनाकर सीवान जिले की मिल्की माधवपुर टीम को पराजित कर दिया। जीत के बाद मढ़ौरा के खिलाड़ियों पर दर्शकों और समर्थकों की ओर से पैसों की बौछार की गई। विजेता मढ़ौरा टीम को शील्ड देकर सम्मानित किया गया, जबकि उपविजेता मिल्की माधवपुर टीम को भी शील्ड प्रदान की गई।
मौके पर उप प्रमुख मनोज सिंह, सोहन सिंह, मंजीत पाठक, पैक्स अध्यक्ष संत सिंह, पूर्व मुखिया प्रतिनिधि विजय सिंह सहित सैकड़ों ग्रामीण और खेलप्रेमी मौजूद थे।
#ManjhiNews #SaranNews #SiwanNews #FootballTournament #MarhauraFootball #MilkiMadhavpur #BiharSports #FootballMatch #ChhapraNews

