मांझी के ददन सिंह उच्च विद्यालय का डीएम ने किया निरीक्षण, स्मार्ट क्लास और प्रयोगशालाओं को बेहतर बनाने का निर्देश
विद्यालय परिसर की साफ-सफाई और सौंदर्यीकरण पर जोर, आंगनबाड़ी केंद्र में पोषण वाटिका विकसित करने को कहा
सारण (बिहार) संवाददाता धर्मेंद्र रस्तोगी: जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने शनिवार को मांझी स्थित ददन सिंह उच्च विद्यालय सह इंटर कॉलेज का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय परिसर में संचालित आंगनबाड़ी केंद्र, प्राथमिक विद्यालय, मध्य विद्यालय और उच्च विद्यालय की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों और कर्मियों को शैक्षणिक व्यवस्था सुदृढ़ करने के साथ आधारभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि विद्यालयों में शैक्षणिक गतिविधियों का नियमित और सुचारु संचालन सुनिश्चित किया जाए। छात्र-छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने तथा अनुकूल शैक्षणिक वातावरण बनाए रखने पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने स्मार्ट क्लास का नियमित संचालन करने और उपलब्ध डिजिटल शैक्षणिक संसाधनों का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने को कहा।
विषयवार प्रयोगशालाएं व्यवस्थित करने का निर्देश
जिलाधिकारी ने विद्यालय में संचालित विभिन्न प्रयोगशालाओं को विषयवार अलग-अलग कक्षों में व्यवस्थित करने का निर्देश दिया। उन्होंने लैब में आवश्यक उपकरणों और संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा उनके उचित रखरखाव पर जोर दिया। साथ ही प्रयोगशालाओं का नियमित संचालन कर विद्यार्थियों को प्रायोगिक प्रशिक्षण उपलब्ध कराने को कहा।
इस दौरान जिलाधिकारी ने छात्र-छात्राओं से संवाद कर प्रयोगशालाओं और प्रायोगिक प्रशिक्षण के नियमित संचालन के संबंध में जानकारी भी प्राप्त की।
स्वच्छता और सौंदर्यीकरण पर विशेष जोर
विद्यालय परिसर का निरीक्षण करते हुए जिलाधिकारी ने साफ-सफाई और स्वच्छता की समुचित व्यवस्था बनाए रखने का निर्देश दिया। उन्होंने परिसर में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा विद्यालय के सौंदर्यीकरण पर विशेष ध्यान देने को कहा। चारदीवारी के रंग-रोगन सहित आवश्यक रखरखाव के कार्य व्यवस्थित ढंग से कराने का भी निर्देश दिया।
आंगनबाड़ी केंद्र में विकसित होगी पोषण वाटिका
जिलाधिकारी ने विद्यालय परिसर में संचालित आंगनबाड़ी केंद्र में पोषण वाटिका विकसित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि इसमें स्थानीय जलवायु के अनुकूल हरी सब्जियां और पोषणयुक्त पौधे लगाए जाएं। पोषण वाटिका के नियमित रखरखाव के साथ बच्चों में पोषण के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर भी जोर दिया।
उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्र में बच्चों के पोषण, स्वच्छता और सर्वांगीण विकास से संबंधित सभी व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित रखने का निर्देश दिया। साथ ही विद्यालय और आंगनबाड़ी केंद्र में उपलब्ध आधारभूत सुविधाओं का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने तथा कमियों को समयबद्ध तरीके से दूर करने को कहा।
जिलाधिकारी ने संबंधित पदाधिकारियों और कर्मियों को निरीक्षण के दौरान दिए गए निर्देशों का गंभीरता से अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि बच्चों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण, स्वच्छ परिसर और आवश्यक पोषण सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए सभी व्यवस्थाओं को सुदृढ़ किया जाना चाहिए।

