सारण: 23 पेटी अंग्रेजी शराब लदी स्कॉर्पियो जब्त, पुलिस को चकमा देकर चालक-तस्कर फरार
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: शराब तस्करी के खिलाफ दाउदपुर पुलिस ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए 23 पेटी अंग्रेजी शराब से लदी एक स्कॉर्पियो जब्त की है। पुलिस ने वाहन को लक्ष्मीपुर गांव के समीप से बरामद किया। हालांकि, पुलिस को देखते ही चालक और शराब तस्कर स्कॉर्पियो छोड़कर मौके से फरार हो गए।
थानाध्यक्ष निर्भय कुमार ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि शराब की एक खेप स्कॉर्पियो के माध्यम से क्षेत्र से होकर गुजरने वाली है। सूचना के आधार पर पुलिस ने भोला के ढाला के पास वाहन जांच अभियान शुरू किया।
इसी दौरान पुलिस ने संदिग्ध स्कॉर्पियो को रोकने का प्रयास किया। पुलिस को देखते ही चालक वाहन लेकर भागने लगा। पुलिस टीम ने उसका पीछा किया। पुलिस से बचने के लिए चालक ने लक्ष्मीपुर गांव के समीप स्कॉर्पियो छोड़ दी और मौके से फरार हो गया।
पुलिस ने वाहन की तलाशी ली तो उसमें 23 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद हुई। पुलिस ने शराब और स्कॉर्पियो को जब्त कर लिया है। फरार चालक और तस्करों की पहचान तथा उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

