कक्षा 11वीं की छात्राओं ने जीता फ्रेंडली कबड्डी मैच, सलोनी बनीं मैन ऑफ द मैच
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: उत्क्रमित माध्यमिक विद्यालय सरयूपार, गोबरही, मांझी में शनिवार को कक्षा 11वीं एवं 12वीं की छात्राओं के बीच फ्रेंडली कबड्डी मैच का आयोजन किया गया। तीन राउंड में खेले गए रोमांचक मुकाबले में कक्षा 11वीं की छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दो राउंड जीतकर मैच अपने नाम कर लिया।
मुकाबले के पहले राउंड में कक्षा 12वीं की टीम ने 6-3 से जीत दर्ज की। इसके बाद कक्षा 11वीं की छात्राओं ने शानदार वापसी करते हुए दूसरा राउंड 8-7 और तीसरा राउंड 8-2 से जीत लिया। इस तरह कक्षा 11वीं की टीम ने 2-1 से मुकाबला अपने नाम किया।
कक्षा 12वीं की टीम में श्वेता, रिमी, सिमरन, प्रिया, श्रेया एवं नैंसी ने हिस्सा लिया। वहीं कक्षा 11वीं की टीम में सलोनी, साबिया, मनीषा, प्रीति, नेहा एवं रिमझिम शामिल रहीं। बेहतरीन खेल प्रदर्शन के लिए कक्षा 11वीं की छात्रा सलोनी को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
मैच के दौरान प्रधानाध्यापिका किरण पाठक एवं प्रधानाध्यापक अरुण कुमार सिंह ने छात्राओं से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया तथा बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं। खेल शिक्षक सह प्रभारी नोविन कुमार सोरहिया के निर्देशन में मुकाबला संपन्न हुआ।
इस अवसर पर प्रधान शिक्षक बीके भारतीय, चंद्रकांत सिंह, गजेंद्र कुमार सिंह सहित विद्यालय के दर्जनों शिक्षक मौजूद रहे। शिक्षकों ने छात्राओं के खेल प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि खेल विद्यार्थियों में अनुशासन, टीम भावना, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

