छपरा इंजीनियरिंग कॉलेज में एनबीए विशेषज्ञ टीम का तीन दिवसीय मूल्यांकन पूरा
एलएनजेपीआईटी के मैकेनिकल इंजीनियरिंग विभाग की शैक्षणिक गुणवत्ता और संसाधनों को निर्धारित मानकों पर परखा
सारण (बिहार) संवाददाता धर्मेंद्र रस्तोगी: लोकनायक जय प्रकाश प्रौद्योगिकी संस्थान (एलएनजेपीआईटी), छपरा में राष्ट्रीय प्रत्यायन बोर्ड (NBA), नई दिल्ली की विशेषज्ञ टीम का तीन दिवसीय मूल्यांकन दौरा रविवार को सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। 18 से 20 सितंबर तक चले इस मूल्यांकन के दौरान संस्थान के स्नातक मैकेनिकल इंजीनियरिंग कार्यक्रम की शैक्षणिक गुणवत्ता, संसाधनों, शिक्षण प्रक्रिया और परिणाम आधारित शिक्षा व्यवस्था को एनबीए के निर्धारित मानकों पर परखा गया।
डॉ. जी.पी. प्रभु कुमार के नेतृत्व में पहुंची विशेषज्ञ टीम में प्रो. एम.एल. अग्रवाल और प्रो. विलास रामदास कलामकर शामिल रहे।
पहले दिन संसाधनों और व्यवस्थाओं का लिया जायजा
मूल्यांकन के पहले दिन प्राचार्य डॉ. बिमल कुमार की प्रस्तुति के बाद विशेषज्ञ टीम ने केंद्रीय पुस्तकालय, डिजिटल सुविधाओं और विभिन्न विभागीय व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। टीम ने संकाय सदस्यों के साथ संवाद किया तथा पिछले तीन वर्षों के व्यय, प्लेसमेंट और संस्थान की रणनीतिक योजनाओं से संबंधित जानकारी भी ली।
कक्षाओं और प्रयोगशालाओं का किया निरीक्षण
दूसरे दिन विशेषज्ञों ने कक्षाओं में जाकर शिक्षण प्रक्रिया का प्रत्यक्ष अवलोकन किया। इसके अलावा प्रयोगशालाओं, कोर्स फाइलों और विद्यार्थियों के प्रोजेक्ट्स की समीक्षा की गई। टीम ने CO, PO और PSO से जुड़े परिणामों और उपलब्धियों का भी आकलन किया।
इस दौरान छात्रों, पूर्व छात्रों, अभिभावकों और नियोक्ताओं से संवाद कर संस्थान की शैक्षणिक व्यवस्था, विद्यार्थियों के प्रदर्शन और शिक्षा के परिणामों के संबंध में जानकारी ली गई।
अंतिम दिन तैयार हुई मूल्यांकन रिपोर्ट
मूल्यांकन के तीसरे और अंतिम दिन विशेषज्ञ टीम ने अपनी रिपोर्ट तैयार की। इसके बाद प्राचार्य, प्रबंधन के प्रतिनिधियों और संकाय सदस्यों के साथ एग्जिट मीटिंग आयोजित की गई, जिसमें टीम ने मूल्यांकन के दौरान प्राप्त प्रमुख फीडबैक साझा किए।
विशेषज्ञ टीम की अंतिम रिपोर्ट एनबीए मुख्यालय को भेजी जाएगी। इसके बाद निर्धारित प्रक्रिया के तहत मान्यता को लेकर निर्णय लिया जाएगा।
प्राचार्य डॉ. बिमल कुमार ने कहा कि एनबीए की मान्यता संस्थान की शैक्षणिक गुणवत्ता को और मजबूती प्रदान करेगी। उन्होंने कहा कि इससे विद्यार्थियों के लिए बेहतर प्लेसमेंट और उच्च शिक्षा के अवसरों के विस्तार का मार्ग भी प्रशस्त होने की उम्मीद है।
#ChhapraEngineeringCollege #LNPJIT #NBAAccreditation #ChhapraNews #EngineeringCollege #MechanicalEngineering #NBAEvaluation #EducationNews #SaranNews #BiharEducation #EngineeringNews #StudentPlacement

