पुलिस अधिकारियों के लिए मोबाइल-डेटा भत्ता की मांग, बिहार पुलिस एसोसिएशन ने उठाई आवाज
जांच से लेकर सीसीटीएनएस-आईसीजेएस तक बढ़ा डिजिटल काम का बोझ, वेतन से मोबाइल रिचार्ज और डेटा खर्च उठाने की जरूरत मजबूरी
पूर्णिया, 14 सितंबर 2026
बिहार में पुलिसिंग के बदलते स्वरूप और बढ़ते डिजिटल कार्यों के बीच बिहार पुलिस एसोसिएशन ने पुलिस पदाधिकारियों के लिए निश्चित मासिक मोबाइल एवं डेटा भत्ता देने की मांग उठाई है। एसोसिएशन की पूर्णिया जिला शाखा ने इस संबंध में प्रदेश अध्यक्ष को पत्र भेजकर पुलिस अधिकारियों की व्यावहारिक परेशानियों से अवगत कराया है।
एसोसिएशन का कहना है कि पुलिस विभाग में मोबाइल और इंटरनेट का इस्तेमाल अब केवल सामान्य संचार तक सीमित नहीं है, बल्कि रोजमर्रा की पुलिसिंग और अनुसंधान का महत्वपूर्ण हिस्सा बन चुका है।
घटना स्थल से ही भेजनी पड़ती है फोटो और वीडियो
जिलाध्यक्ष सह पुलिस निरीक्षक राज कुमार चौधरी ने बताया कि अनुसंधान कार्य के दौरान पुलिस पदाधिकारियों को लगातार मोबाइल इंटरनेट की जरूरत पड़ती है। घटना स्थल की वीडियोग्राफी, सीसीटीएनएस, आईसीजेएस समेत विभिन्न मोबाइल एप के इस्तेमाल तथा विभागीय सूचनाओं के आदान-प्रदान के लिए हाई-स्पीड इंटरनेट आवश्यक हो गया है।
कई मामलों में घटना स्थल से ही फोटो, वीडियो और अन्य जरूरी जानकारी ऑनलाइन भेजनी पड़ती है। इसके कारण पुलिस अधिकारियों को पर्याप्त मोबाइल डेटा की जरूरत लगातार बनी रहती है।
सरकारी प्रतिपूर्ति के बावजूद रिचार्ज का खर्च खुद उठा रहे अधिकारी
एसोसिएशन के अनुसार, सरकार की ओर से लैपटॉप और स्मार्टफोन के लिए प्रतिपूर्ति की व्यवस्था है, लेकिन मोबाइल रिचार्ज और डेटा पैक के नियमित खर्च के लिए कोई निश्चित व्यवस्था नहीं है। ऐसे में कई पुलिस पदाधिकारी ड्यूटी से जुड़े इन खर्चों का भार अपने वेतन से उठा रहे हैं।
पुलिस अधिकारियों की 24 घंटे की कार्यप्रणाली को देखते हुए एसोसिएशन ने सरकार से निश्चित मासिक मोबाइल एवं डेटा भत्ता स्वीकृत करने का अनुरोध किया है। संगठन का कहना है कि इससे अधिकारियों पर पड़ने वाला अतिरिक्त आर्थिक बोझ कम होगा और डिजिटल पुलिसिंग को भी बेहतर तरीके से संचालित किया जा सकेगा।
संगठनात्मक मुद्दों को भी प्रदेश स्तर पर उठाने की मांग
एसोसिएशन ने पत्र में संगठन से जुड़े अन्य मुद्दों को भी प्रदेश स्तर पर रखने की मांग की है। संगठन ने संजीव पासवान को बिहार पुलिस एसोसिएशन की पूर्णिया जिला शाखा में उपाध्यक्ष-द्वितीय तथा सचिव पप्पू कुमार को पूर्णिया क्षेत्र के अंतर्गत क्षेत्रीय मंत्री के पद पर मनोनीत करने की स्वीकृति मांगी है।
एसोसिएशन का मानना है कि नई जिम्मेदारियों से संगठनात्मक गतिविधियों को मजबूती मिलेगी और पुलिस पदाधिकारियों से जुड़े मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाने में मदद मिलेगी।

