आय से 75% अधिक संपत्ति मामले में पर्यटन विभाग के अधीक्षण अभियंता पर निगरानी का शिकंजा, पटना के तीन ठिकानों पर छापेमारी
/// जगत दर्शन न्यूज
पटना, 18 जुलाई 2026
बिहार में भ्रष्टाचार के विरुद्ध जारी कार्रवाई के तहत निगरानी अन्वेषण ब्यूरो (Vigilance Investigation Bureau) ने पर्यटन विभाग के अधीक्षण अभियंता श्री अवधेश कुमार सिन्हा के विरुद्ध आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के मामले में बड़ी कार्रवाई की है। निगरानी थाना कांड संख्या 084/26 के तहत दर्ज प्राथमिकी के आधार पर पटना स्थित उनके आवास एवं कार्यालय सहित तीन ठिकानों पर शुक्रवार को देर रात तक सघन तलाशी अभियान चलाया गया।
निगरानी ब्यूरो के अनुसार अभियुक्त श्री अवधेश कुमार सिन्हा, जो पर्यटन विभाग, बिहार, पटना में अधीक्षण अभियंता के पद पर कार्यरत हैं, के विरुद्ध लगभग 1 करोड़ 41 लाख 90 हजार रुपये की प्रत्यानुपातिक (आय से अधिक) संपत्ति अर्जित करने का मामला दर्ज किया गया है। प्रारंभिक जांच में यह संपत्ति उनकी ज्ञात आय से लगभग 75 प्रतिशत अधिक पाई गई है।
माननीय विशेष न्यायालय (निगरानी), पटना से प्राप्त सर्च वारंट के आधार पर निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की तीन अलग-अलग टीमों ने 17 जुलाई 2026 को अभियुक्त के पटना स्थित विभिन्न परिसरों में छापेमारी की। तलाशी के दौरान कई महत्वपूर्ण दस्तावेज एवं संपत्ति से जुड़े अभिलेख बरामद किए गए।
तलाशी में बरामद प्रमुख सामग्री में शामिल हैं:
- फ्रेंड्स कॉलोनी, आशियाना नगर, पटना स्थित लगभग 2 कट्ठा 4 धूर भूमि के दस्तावेज, जिसकी खरीद कीमत 75.63 लाख रुपये अंकित है।
- उक्त भूमि पर निर्मित मकान से संबंधित निर्माण अनुबंध (एमओयू), जिसमें लगभग 97 लाख रुपये के भुगतान का उल्लेख।
- लगभग 75.62 लाख रुपये मूल्य के भूमि एग्रीमेंट दस्तावेज।
- केनरा बैंक का एक लॉकर, जिसे विधिवत खोलकर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
- 61 हजार रुपये नकद।
- लगभग 5.05 लाख रुपये मूल्य के स्वर्णाभूषण।
- लगभग 3.07 लाख रुपये मूल्य के हीरा जड़ित स्वर्णाभूषण।
- लगभग 1.53 लाख रुपये मूल्य के चांदी के आभूषण।
- 12 रजिस्ट्री (डीड) से संबंधित दस्तावेज।
- 19 बैंक खातों से जुड़े कागजात।
- विभिन्न बीमा निवेश संबंधी दस्तावेज।
- तीन फ्लैटों के स्वामित्व संबंधी अभिलेख।
- एक हुंडई कार।
निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने बताया कि मामले की जांच अभी जारी है तथा बरामद दस्तावेजों एवं संपत्तियों का विस्तृत सत्यापन किया जा रहा है। जांच के आधार पर आगे विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।
निगरानी छापेमारी, अवधेश कुमार सिन्हा, आय से अधिक संपत्ति, पर्यटन विभाग बिहार, पटना निगरानी ब्यूरो, भ्रष्टाचार मामला, Vigilance Bihar, बिहार समाचार
#Bihar #Patna #Vigilance #Corruption #BiharNews #TourismDepartment #DisproportionateAssets #भ्रष्टाचार_मुक्त_बिहार #BreakingNews #JagatDarshanNews
