आग से बचाव और हार्ट अटैक से सुरक्षा के गुर सीखेंगे छात्र, मांझी के दो विद्यालयों में जागरूकता शिविर आयोजित
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: मांझी प्रखंड के दलन सिंह उत्क्रमित उच्च विद्यालय एवं हलखोरी साह उच्च विद्यालय के सभागार में सोमवार को छात्र-छात्राओं के लिए जागरूकता एवं प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को पठन-पाठन के साथ जीवनरक्षक कौशल सीखने का संदेश देते हुए आग से बचाव, आपदा के समय सतर्कता तथा हार्ट अटैक की स्थिति में प्राथमिक सहायता (फर्स्ट रिस्पॉन्स) के महत्वपूर्ण उपायों की जानकारी दी।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में ग्रीनफील्ड इंडस्ट्रियल फायर एंड सेफ्टी, गोरखपुर के निदेशक रोहित शर्मा, आकाश सिंह, आयुष मिश्रा एवं रंजन शर्मा ने विद्यार्थियों को विभिन्न आपातकालीन परिस्थितियों में सुरक्षित रहने के व्यावहारिक तरीके बताए। उन्होंने आग लगने की स्थिति में घबराने के बजाय सही निर्णय लेने, प्राथमिक सुरक्षा उपाय अपनाने तथा समय पर राहत एवं बचाव कार्य करने के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
विशेषज्ञों ने छात्रों को यह भी बताया कि हार्ट अटैक के शुरुआती लक्षणों की पहचान कैसे करें तथा ऐसी स्थिति में मरीज को तत्काल सहायता उपलब्ध कराना क्यों आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों से पढ़ाई के साथ-साथ जीवनरक्षक कौशल सीखने पर भी बल दिया।
कार्यक्रम में दोनों विद्यालयों के प्रधानाध्यापक रबीन्द्र यादव एवं रइसुल इहरार खान सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे। विद्यालय प्रशासन ने कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण शिविर विद्यार्थियों में जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ आपदा प्रबंधन और प्राथमिक उपचार की समझ विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
मांझी समाचार, सारण न्यूज, फायर सेफ्टी प्रशिक्षण, हार्ट अटैक जागरूकता, छात्र प्रशिक्षण शिविर, दलन सिंह उच्च विद्यालय, हलखोरी साह उच्च विद्यालय, ग्रीनफील्ड इंडस्ट्रियल फायर एंड सेफ्टी

