सारण: दो बंदरों के आतंक से दहशत में ग्रामीण, छत से महिला को धक्का देकर किया घायल
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: एकमा प्रखंड की अतरशन पंचायत के अतरशन गांव में दो बंदरों के आतंक से ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ है। आए दिन बंदरों के हमलावर व्यवहार से लोग परेशान हैं। ताजा घटना में एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसका इलाज एकमा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह महिला अपने घर की छत पर सूखे कपड़े उतारने गई थी। इसी दौरान दो बंदर अचानक छत पर पहुंच गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक बंदर ने महिला के पास पहुंचकर पहले थप्पड़ मारा और फिर धक्का दे दिया, जिससे वह छत से नीचे गिर गई। परिजनों ने तत्काल उसे एकमा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उसका इलाज जारी है।
गांव के एक युवक ने बताया कि बंदरों के हमले की ऐसी घटनाएं लगातार हो रही हैं। इससे महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग विशेष रूप से सहमे हुए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि बंदरों के कारण सामान्य दिनचर्या भी प्रभावित हो रही है और लोग घरों की छतों पर जाने से डरने लगे हैं।
ग्रामीणों ने वन विभाग से तत्काल कार्रवाई की मांग करते हुए कहा है कि दोनों बंदरों को पकड़कर सुरक्षित रूप से किसी जंगल क्षेत्र में छोड़ा जाए, ताकि गांव के लोगों को राहत मिल सके। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई तो कोई बड़ा हादसा भी हो सकता है।
एकमा समाचार, अतरशन गांव, बंदरों का आतंक, महिला घायल, सारण न्यूज, वन विभाग, एकमा प्रखंड समाचार

