दरौंदा अंचल कार्यालय में जनता दरबार, 21 भूमि विवादों में 15 मामलों का मौके पर हुआ निष्पादन
सिवान (बिहार) संवाददाता बिट्टू यादव: दरौंदा प्रखंड स्थित अंचल कार्यालय में शनिवार को भूमि विवाद से संबंधित मामलों के त्वरित समाधान को लेकर जनता दरबार का आयोजन किया गया। जनता दरबार में अपनी समस्याओं के समाधान की उम्मीद लेकर कुल 21 फरियादी पहुंचे। अंचल अधिकारी वेद प्रकाश नारायण, थानाध्यक्ष विकास कुमार सिंह एवं अपर थानाध्यक्ष श्री निराला कुमार की मौजूदगी में सभी मामलों की सुनवाई की गई और दोनों पक्षों की दलीलों एवं उपलब्ध दस्तावेजों के आधार पर विवादों के समाधान का प्रयास किया गया।
जनता दरबार में प्राप्त कुल 21 मामलों में से 15 मामलों का निष्पादन मौके पर ही कर दिया गया, जबकि शेष छह मामलों में आवश्यक दस्तावेजों एवं तथ्यों की जांच के लिए संबंधित पक्षों को नोटिस जारी किया गया है। जांच पूरी होने तक इन मामलों को लंबित रखा गया है। अधिकारियों ने फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से विवादों के समाधान की दिशा में आवश्यक कार्रवाई की।
अंचल अधिकारी वेद प्रकाश नारायण ने बताया कि जनता दरबार आयोजित करने का मुख्य उद्देश्य भूमि विवादों का त्वरित और पारदर्शी समाधान सुनिश्चित करना है, ताकि लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों और न्यायालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने कहा कि भूमि विवादों के मामलों में दोनों पक्षों की बात सुनकर उपलब्ध साक्ष्यों एवं दस्तावेजों के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाती है।
इस अवसर पर राजस्व कर्मचारी, डीईओ ब्रजेश राज सहित संबंधित फरियादी एवं अन्य स्थानीय लोग उपस्थित रहे। अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि भूमि विवाद से जुड़े मामलों में आवश्यक कागजात के साथ जनता दरबार में पहुंचकर अपनी समस्या का समाधान कराने का प्रयास करें।
दरौंदा जनता दरबार, दरौंदा अंचल कार्यालय, भूमि विवाद समाधान, सीवान समाचार, दरौंदा समाचार, जमीन विवाद, अंचल अधिकारी वेद प्रकाश नारायण, जनता दरबार बिहार

