दारौंदा में 28 हजार से अधिक बच्चों को पिलाई जाएगी पोलियो की खुराक, अभियान के लिए 72 टीम गठित
सिवान (बिहार) संवाददाता बिट्टू यादव: दारौंदा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में मंगलवार को स्वास्थ्यकर्मियों एवं चिकित्सकों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें आगामी पल्स पोलियो अभियान की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में अभियान को सफल बनाने के लिए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। जानकारी के अनुसार दारौंदा प्रखंड में 28 हजार से अधिक पांच वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी, जिसके लिए 72 टीमों का गठन किया गया है। यह विशेष अभियान 28 जून से 2 जुलाई तक संचालित होगा।
बैठक की अध्यक्षता प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. अमर कुमार गुप्ता ने की। इस अवसर पर स्वास्थ्य प्रबंधक जितेंद्र कुमार सिंह, बीसीएम अरुण कुमार, सीडीपीओ, बीआरसी एकाउंटेंट संजीव कुमार, शिक्षा विभाग के लेखापाल संजय गुप्ता सहित स्वास्थ्य एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मी उपस्थित रहे। बैठक में अभियान के दौरान रेलवे स्टेशन, बस पड़ाव, बाजार, सार्वजनिक स्थलों तथा पंचायत क्षेत्रों में घर-घर जाकर बच्चों को पोलियो की दो बूंद पिलाने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।
अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिया कि अभियान के दौरान कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित नहीं रहना चाहिए। इसके लिए ट्रांजिट टीम, मोबाइल टीम तथा बूथ स्तर पर गठित टीमों को पूरी सक्रियता एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करने का निर्देश दिया गया। साथ ही अभियान की निगरानी एवं नियमित समीक्षा की भी व्यवस्था सुनिश्चित करने पर बल दिया गया।
प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. अमर कुमार गुप्ता ने कहा कि पल्स पोलियो अभियान बच्चों को पोलियो जैसी गंभीर एवं दिव्यांगता उत्पन्न करने वाली बीमारी से सुरक्षित रखने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि अभियान की शत-प्रतिशत सफलता के लिए स्वास्थ्य विभाग, शिक्षा विभाग, आंगनबाड़ी कर्मियों तथा आम जनता के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है। उन्होंने अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि वे अपने पांच वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो की खुराक अवश्य दिलाएं और अभियान को सफल बनाने में सहयोग करें।
Daraunda Pulse Polio Campaign, Siwan News, Daraunda CHC, Pulse Polio Abhiyan 2025, Polio Dose Children, Bihar Health Department, Daraunda Health News, Siwan Health News

