जनगणना कार्य में लगे शिक्षक विद्यालय में करेंगे अध्यापन, शिक्षा विभाग ने जारी किया स्पष्ट निर्देश
पटना (बिहार): बिहार सरकार के शिक्षा विभाग ने भारत की जनगणना 2027 के तहत मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना कार्य में प्रतिनियुक्त शिक्षकों को लेकर महत्वपूर्ण निर्देश जारी किया है। अपर मुख्य सचिव डॉ. बी. राजेन्दर द्वारा जारी पत्र में स्पष्ट किया गया है कि प्रगणक एवं पर्यवेक्षक के रूप में कार्यरत शिक्षक विद्यालय में नियमित अध्यापन कार्य भी करेंगे और इसके साथ-साथ विद्यालय अवधि के पहले अथवा बाद में जनगणना से संबंधित क्षेत्रीय कार्य संपन्न करेंगे।
शिक्षा विभाग द्वारा जारी पत्र में कहा गया है कि जनगणना कार्य के दौरान शिक्षकों की उपस्थिति दर्ज करने को लेकर विभिन्न जिलों में अलग-अलग प्रकार के निर्देश जारी किए जा रहे थे, जिससे शिक्षकों के बीच असमंजस की स्थिति उत्पन्न हो गई थी। निदेशक, जनगणना कार्य-सह-मुख्य प्रधान जनगणना पदाधिकारी, बिहार की ओर से इस संबंध में स्पष्ट एवं एकरूप दिशा-निर्देश जारी करने का अनुरोध किया गया था।
पत्र में प्रेस इंफॉर्मेशन ब्यूरो द्वारा जारी केंद्रीय कैबिनेट के निर्णय का भी उल्लेख किया गया है, जिसमें कहा गया है कि प्रगणक सामान्यतः सरकारी शिक्षक होंगे और वे अपनी नियमित जिम्मेदारियों के साथ जनगणना का क्षेत्रीय कार्य भी करेंगे।
शिक्षा विभाग ने सभी जिला पदाधिकारियों एवं जिला शिक्षा पदाधिकारियों को निर्देश दिया है कि 31 मई 2026 तक शिक्षकों को किसी भी प्रकार के अनिवार्य प्रशिक्षण संबंधी दायित्व से मुक्त रखा जाए, ताकि वे विद्यालयी कार्य एवं जनगणना कार्य दोनों को सुचारु रूप से पूरा कर सकें।
इस संबंध में पत्र की प्रतिलिपि निदेशक, जनगणना कार्य-सह-मुख्य प्रधान जनगणना पदाधिकारी, बिहार, सभी उप विकास आयुक्त, राज्य शिक्षा शोध एवं प्रशिक्षण परिषद पटना तथा सभी क्षेत्रीय शिक्षा उप निदेशकों को भी आवश्यक कार्रवाई एवं सूचनार्थ भेजी गई है।

