मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की ‘समृद्धि यात्रा’ 10 मार्च से, कई जिलों का करेंगे दौरा
✍️ धर्मेंद्र रस्तोगी
सारण (बिहार): नीतीश कुमार अपने मुख्यमंत्रित्व काल के अंतिम चरण में एक बार फिर राज्यव्यापी दौरे पर निकलने जा रहे हैं। राज्य सरकार की योजनाओं की प्रगति की समीक्षा और आम लोगों से सीधा संवाद स्थापित करने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री 10 मार्च से 14 मार्च 2026 तक “समृद्धि यात्रा” के तृतीय चरण की शुरुआत करने वाले है। इस संबंध में सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से सभी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा- निर्देश जारी कर दिया गया हैं। कार्यक्रम से संबंधित जारी पत्र के अनुसार मुख्यमंत्री इस यात्रा के दौरान कोशी और सीमांचल सहित मुंगेर प्रमंडल के तीन जिलों में विकास योजनाओं का स्थलीय निरीक्षण करेंगे। राज्य सरकार के अनुसार इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य विकास योजनाओं की जमीनी स्थिति का आकलन करना और लोगों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने की प्रक्रिया को और अधिक प्रभावी बनाना है। प्रशासनिक स्तर पर भी यात्रा को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। संबंधित जिलों के अधिकारियों को कार्यक्रम की सफलता के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिया गया हैं।
समृद्धि यात्रा के तृतीय चरण में मुख्यमंत्री 10 मार्च को सुपौल और मधेपुरा जिले से कार्यक्रम की शुरुआत करेंगे। इसके बाद 11 मार्च को अररिया और किशनगंज जिलों का दौरा करेंगे, जहां मधेपुरा में उनका रात्रि विश्राम निर्धारित है। वहीं 12 मार्च को पूर्णिया और कटिहार में कार्यक्रम प्रस्तावित हैं। जबकि 13 मार्च को सहरसा और खगड़िया तो 14 मार्च को बेगूसराय और शेखपुरा जिले में विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेने के बाद मुख्यमंत्री पटना वापस लौटेंगे। यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का शिलान्यास, उद्घाटन तथा कार्यारंभ भी करने वाले हैं। साथ ही जिलास्तरीय योजनाओं की समीक्षा बैठक कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा- निर्देश देने का काम करेंगे। कार्यक्रम के तहत “जन संवाद” भी आयोजित किया जाएगा, जिसमें मुख्यमंत्री आम नागरिकों, जनप्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों से सीधे संवाद करेंगे तथा उनकी समस्याएं सुनेंगे। हालांकि खास तौर पर प्रगति यात्रा और सात निश्चय से जुड़ी योजनाओं की स्थिति की समीक्षा की जाएगी। इसके अलावा जिले की अन्य महत्वपूर्ण विकास योजनाओं और परियोजनाओं का भी जायजा लिया जाएगा।

